Administration Launches Action to Clear Dhalpur Ground : कुल्लू। जिला के मुख्यालय ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के व्यापारिक मेले के समाप्त होने के बाद भी ढालपुर दशहरा मैदान में बैठे व्यापारी अपनी दुकानें खाली नहीं कर रहे हैं।
ऐसे में जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से अब मैदान को खाली करवाने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापारियों को मैदान से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन की ओर से व्यापारियों को आज ही दशहरा मैदान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि व्यापारी अपनी दुकानें नहीं हटाते हैं तो उनका सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। गौर रहे कि दशहरा उत्सव समाप्त होने के बाद प्रशासन की ओर से व्यापारियों को मैदान खाली करने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन कई दुकानदार अभी भी मैदान में डटे हुए हैं।
इससे पहले सोमवार को प्रशासन की ओर से दशहरा मैदान की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई थी, ताकि व्यापारी जल्द से जल्द अपनी दुकानें समेटकर यहां से चले जाएं। लेकिन उसके बावजूद दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं हटाईं। अब प्रशासन पुलिस की मदद से बलपूर्वक मैदान खाली करवा रहा है। ऐसे में अब दशहरा उत्सव समाप्त होने के बाद ढालपुर मैदान को खाली करवाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार ने बताया कि प्रशासन और नगर परिषद की टीम मिलकर ढालपुर मैदान को खाली करवा रहे हैं। व्यापारियों को भी आज ही पूरा मैदान खाली करने के निर्देश दिया गए हैं।