Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

भरमौर में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

September 27, 2026

भरमौर में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

भरमौर: राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भरमौर की परियोजना सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। स्थानीय विधायक एवं परियोजना सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. जनक भी बैठक में मौजूद रहे।

संवेदनशील स्थानों पर सुरंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

मंत्री जगत सिंह नेगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-154 ए सहित जनजातीय उपमंडल के प्रमुख संपर्क मार्गों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क मार्गों पर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरंग निर्माण की संभावनाओं से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मणिमहेश यात्रियों के लिए बनेगा नया पैदल मार्ग

बैठक में मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। हड़सर से यमकुंड, तोश के गोठ के समीप तक वन विभाग की ओर से नया पैदल मार्ग तैयार किया जाएगा।

इस मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पीएमजीएसवाई के तहत 130 करोड़ से 17 सड़कें निर्माणाधीन

लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत भरमौर क्षेत्र के 76 गांवों का सर्वेक्षण किया गया है। इसके आधार पर करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से 17 सड़कों का निर्माण प्रगति पर है।

इसके अलावा 15 सड़कों की डीपीआर तैयार की जा चुकी है, जबकि 44 सड़कों के लिए गिफ्ट डीड और वन संरक्षण अधिनियम (FCA) से संबंधित प्रक्रियाएं चल रही हैं। वहीं, करीब 183 करोड़ रुपये की लागत से 15 पुलों के निर्माण की डीपीआर भी तैयार की जा चुकी है।

सड़क परियोजनाओं की राजस्व प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश

जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को सभी सड़क परियोजनाओं से जुड़ी राजस्व प्रविष्टियां समय पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया।

खाली जमीन और डंपिंग साइट पर बढ़ेगा पौधारोपण

वन विभाग के तहत कैंपा और कैट प्लान के माध्यम से चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न डंपिंग साइट और खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक पौधारोपण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

कृषि-बागवानी योजनाओं का किसानों तक पहुंचे लाभ

कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंत्री ने फल एवं सब्जी उत्पादन से जुड़ी मौजूदा व्यवस्थाओं पर असंतोष जताया। उन्होंने किसानों, बागवानों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए कृषि, उद्यान और पशुपालन विभाग को संयुक्त जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

भरमौर अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता पर जोर

मंत्री ने उपमंडलीय प्रशासन को नागरिक चिकित्सालय भरमौर में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखने के निर्देश भी दिए।

कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में जल शक्ति, विद्युत, पशुपालन, मत्स्य पालन, परिवहन, वूल फेडरेशन, ग्रामीण विकास तथा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

मंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए विकास परियोजनाओं को गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य रवि दत्त शर्मा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, एसडीएम अजय कुमार सिंह, डीएसपी बलदेव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें