Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमलोह थाने में पिता-पुत्र को रखने के विरोध में अकाली दल का धरना

October 4, 2026

अमलोह थाने में पिता-पुत्र को रखने के विरोध में अकाली दल का धरना

मंडी गोबिंदगढ़/अमलोह : गांव सलाना के अकाली नेता नरेंद्र सिंह और उनके पुत्र तेगवीर सिंह को अमलोह पुलिस द्वारा थाने में रखने के विरोध में शिरोमणि अकाली दल के कोर कमेटी सदस्य एवं हलका अमलोह के मुख्य सेवादार गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना की अगुवाई में अकाली नेताओं व कार्यकर्त्ताओं ने अमलोह थाने के बाहर धरना दिया। करीब चार घंटे चले धरने के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।

राजू खन्ना ने बताया कि गांव सलाणे निवासी नरेंद्र सिंह का अपने चाचा के बेटे प्रेमदीप सिंह के साथ जमीन की पैमाइश को लेकर घरेलू विवाद चल रहा था। नरेंद्र सिंह के अनुसार धान की कटाई के बाद जमीन की पैमाइश करवाकर मामला सुलझाया जाना था। आरोप है कि इसी बीच नरेंद्र सिंह और उनके बेटे तेगवीर सिंह को पुलिस द्वारा रात के समय थाने ले जाकर हवालात में रखा गया। मामले की जानकारी मिलने पर राजू खन्ना अमलोह थाने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अकाली नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया।

राजू खन्ना ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा हलका विधायक की कथित शह पर अकाली कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करवाई गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि यदि नरेंद्र सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई उचित है तो दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए, अन्यथा नरेंद्र सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई रद्द की जाए। धरने के बाद पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों द्वारा राजू खन्ना से फोन पर बातचीत की गई।

इसके बाद पुलिस ने नरेंद्र सिंह और उनके पुत्र तेगवीर सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेते हुए दोनों को थाने से रवाना कर दिया। धरने को वरिष्ठ उपाध्यक्ष करमजीत सिंह भगड़ाना, यूथ अकाली दल कोर कमेटी सदस्य कंवलजीत सिंह गिल, वरिष्ठ नेता केसरी सिंह सलाणा, डा. अर्जुन सिंह, जत्थेदार हरबंस सिंह बडाली और जत्थेदार हरिंदर सिंह दीवा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कुलदीप सिंह मछराई, राकेश कुमार शाही, गुरकीरत सिंह पनाग, सहज सिंह धालीवाल सहित बड़ी संख्या में अकाली नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें