Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News: चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, ग्रामीणों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

October 8, 2026

Himachal News: चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, ग्रामीणों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

Mandi : ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी वित्तीय योजनाओं और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की निहरी शाखा की ओर से किया गया। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और निशांत शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों को बैंक तथा नाबार्ड से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को बचत और निवेश से संबंधित विकल्पों के साथ-साथ जरूरत के अनुसार उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में भी बताया।

बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

शिविर के दौरान बचत खाता, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (एफडी), सपनों का संचय, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा किसानों और अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड, पिकअप लोन और शिक्षा ऋण सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। बैंक प्रतिनिधियों ने योजनाओं के लाभ और उनका उपयोग करने की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया।

डिजिटल भुगतान को लेकर जागरूकता

कार्यक्रम में डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान के सुरक्षित इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को गूगल पे, हिमपैसा सहित डिजिटल भुगतान के विभिन्न माध्यमों के उपयोग की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने साइबर अपराध से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने बैंकिंग और डिजिटल वित्तीय सेवाओं से संबंधित जानकारी में रुचि दिखाई। लोगों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और ऑनलाइन लेन-देन को सुरक्षित तरीके से समझने में मदद मिलती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें