Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

नमो घाट के 30 KM दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर रोक, 22 अक्टूबर से आसमान में दिखेगा वायुसेना का दम

October 9, 2026

नमो घाट के 30 KM दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर रोक, 22 अक्टूबर से आसमान में दिखेगा वायुसेना का दम

Namo Ghat Air show: भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो (एरियल डिस्प्ले-2026) के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

इस संबंध में एयर शो के दौरान उड़ान भरने वाले लड़ाकू विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 19 अक्टूबर से कार्यक्रम समाप्त होने तक नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस और मछली की बिक्री तथा कटाई पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।

वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह लिया गया है कि 30 किलोमीटर के हवाई क्षेत्र के भीतर मांस, मछली या मुर्गे की बिक्री करने वाली दुकानों को कुछ भी बेचने या काटने की अनुमति नहीं होगी।”

ये भी पढ़ें- BREAKING: गौरव यादव बने पंजाब के स्थायी DGP, 1992 बैच के हैं IPS अधिकारी

 

आयोजन को घोषित किया राजकीय कार्यक्रम
राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक आयोजन को राजकीय कार्यक्रम घोषित किया है। मुख्य एयर शो का आयोजन 22, 23 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा, जबकि 26 अक्टूबर को वैकल्पिक दिवस (स्टैंडबाय डे) के रूप में निर्धारित किया गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि कार्यक्रम को सुरक्षित, सुचारु और पक्षियों से टकराव की घटनाओं से मुक्त रखने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

प्रतिष्ठित और भव्य आयोजन
उन्होंने कहा, “भारतीय वायुसेना का यह एरियल डिस्प्ले वाराणसी के लिए बेहद प्रतिष्ठित और भव्य आयोजन है। इसे राजकीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, गंगा नदी के किनारे बैरिकेडिंग, पक्षियों से विमानों की टक्कर रोकने के लिए मांस की दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था कर रहा है, ताकि यह आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और ऐतिहासिक बन सके।”

उन्होंने आगे बताया कि शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम 20 से 26 अक्टूबर के बीच विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा।

ये भी पढ़ें- नाना पाटेकर के निधन के बाद गोवा पुलिस ने दर्ज किया ‘अननेचुरल डेथ’ मौत का केस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयानों से खुलेगा राज?

 

गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग
गंगा घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ और नदी में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा के गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग की जा रही है। इसके साथ ही, संबंधित स्थानों पर चेतावनी संकेतक भी लगाए जा रहे हैं।

साफ-सफाई पर पूरा ध्यान
अधिकारियों के अनुसार, घाटों से नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील रास्तों पर अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि लोग गहरे पानी में जाने से बचें। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए नमो घाट और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय स्थापित किए जा रहे हैं। इनकी नियमित साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें