
Himachal to Expand 1,700 Km of Roads with ₹3,000 Crore Funding : कुल्लू। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू के ढालपुर में कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाली 3000 करोड़ रुपये की राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बिजली महादेव सड़क का जल्द विस्तार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए एनएचएआई अधिकारियों के साथ भी बैठक की जाएगी।
यह बात ढालपुर पहुंचे हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के अवसर पर ढालपुर पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भगवान बिजली महादेव के भी दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान विभिन्न पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात की और अपने-अपने इलाके की सड़कों के बारे में भी उनसे चर्चा की। वही प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन देते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा की खराहल क्षेत्र के लोग भी उनसे मिले थे और बिजली महादेव सड़क की हालत के बारे में उन्हें बताया था।
ऐसे में अब जल्द ही इस सड़क का भी विस्तार किया जाएगा। ताकि यहां पर लोगों को सड़क संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि लगघाटी के पंचायत प्रतिनिधि ने भी उनसे मुलाकात की है और अब वह मनाली विधानसभा क्षेत्र के राइट बैंक सड़क का भी निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर भी प्रदेश में सड़कों के बेहतर हालत को लेकर निर्णय लिए जाएंगे। वहीं मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा अपनी देव संस्कृति के लिए दुनिया भर में मशहूर है और यहां पर सैकड़ो देवी देवता ढालपुर मैदान में लोगों को दर्शन देते हैं।
ऐसे में दशहरा उत्सव में हजारों लोग रोजाना देवी देवता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं और मुझे भी यहां पर देवी देवताओं के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है।