Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र आएंगी राष्ट्रपति, 1 नवंबर को राज्य स्तरीय समारोह

October 27, 2026

हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र आएंगी राष्ट्रपति, 1 नवंबर को राज्य स्तरीय समारोह

President to Attend Haryana Day Celebrations : कुरुक्षेत्र। हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस पर कुरुक्षेत्र में भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं।

इस ऐतिहासिक समारोह का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार (ऑडिटोरियम) में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, स्वच्छता और अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए यह गर्व का विषय है कि 60वें स्थापना दिवस समारोह में स्वयं राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने 60 वर्षों में विकास के हर क्षेत्र में प्रगति लाकर आज देश का अग्रणी राज्य बन गया है। यह समारोह न केवल हमारे गौरवशाली अतीत का उत्सव होगा, बल्कि भविष्य के विकसित हरियाणा का संकल्प भी होगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय कर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, मंदिर और गुरुकुल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीमों, एम्बुलेंस और आपातकालीन सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। नगर परिषद द्वारा शहर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा दिवस समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में हरियाणा के 60 वर्ष के गौरवशाली सफर को दर्शाती एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन से लेकर अब तक के विकास, कृषि क्रांति, हरित क्रांति, खेलों में हरियाणा की पहचान, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत को चित्रों, मॉडलों और डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को हरियाणा के संघर्ष, संस्कार और सफलता की कहानी से रूबरू कराना है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने कुरुक्षेत्र प्रवास के दौरान सिद्ध पीठ मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन के लिए भी जाएंगी। मां भद्रकाली मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है, जहां माता सती का दायां घुटना गिरा था। मान्यता है कि महाभारत युद्ध से पहले भगवान श्रीकृष्ण और पांडवों ने यहां पूजा-अर्चना की थी। जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में भी सुरक्षा और स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्म के कुरुक्षेत्र दौरे का एक अन्य महत्वपूर्ण पड़ाव गुरुकुल कुरुक्षेत्र होगा। यहां स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें