
संगरूर : जिला पुलिस संगरूर द्वारा नशों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशे की बड़ी खेप की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16 किलो 364 ग्राम अफीम, 25 किलो चूरा-पोस्त और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार नंबर PB-19-N-2955 बरामद की गई है।
एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कप्तान (इन्वैस्टिगेशन) संगरूर पलविंदर चीमा पीपीएस की निगरानी में डीएसपी (डिटैक्टिव) संगरूर एवं अतिरिक्त कार्यभार डीएसपी सब डिवीजन सुनाम हरसिमरन सिंह पीपीएस के नेतृत्व में थाना लौंगोवाल के मुख्य अधिकारी इंस्पैक्टर गुलाब सिंह, काऊंटर इंटैलिजैंस यूनिट तथा चौकी बडरुखां के इंचार्ज एएसआई जसविंदर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि एएसआई जसविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के संबंध में संगरूर नैशनल हाईवे रोड पर गांव बडरुखां के पास ओवरब्रिज पर नाकाबंदी करके मौजूद थे। इस दौरान जांच करते हुए आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ सरबा निवासी ढिल्लों पत्ती, ठीकरीवाला, जिला बरनाला को सफेद रंग की स्विफ्ट कार नंबर PB-19-N-2955 सहित काबू किया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16 किलो 364 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना लौंगोवाल में मुकद्दमा नंबर 204, दिनांक 30.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/61/85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल करके गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। इसके अलावा एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत 30 अक्तूबर 2026 को थाना चीमा के क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई।
एएसआई संदीप कुमार 234/संगरूर, सीआईए टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के सिलसिले में गांव नमोल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राज रानी पत्नी जगतार सिंह उर्फ गंडा, निवासी स्टेडियम रोड, नई अनाज मंडी, सुनाम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 25 किलो चूरा-पोस्त बरामद हुआ। इस संबंध में थाना चीमा में मुकदमा नंबर 143, दिनांक 30.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 15/61/85 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।