
शिमला। युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेंट थॉमस स्कूल शिमला में MY Bharat शिमला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान युवाओं को न केवल अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में MY Bharat शिमला के जिला युवा अधिकारी विपिन कुमार, भारतीय खेल प्राधिकरण के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर (वॉलीबॉल) एवं हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर शिलारू के प्रभारी अंकुश कटोच, यूथ आइकन ओशिन शर्मा और विद्यालय की प्रधानाचार्या शेरोन नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय के युवा पर्यटन क्लब के समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान यूथ आइकन ओशिन शर्मा ने ‘Know Your Vote’ विषय पर विद्यार्थियों को विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का जागरूक होना और अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना बेहद आवश्यक है। युवाओं को चुनावी प्रक्रिया को समझने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया गया। उल्लेखनीय है कि ओशिन शर्मा ने वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
वहीं, अंकुश कटोच ने विद्यार्थियों को खेलों और शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार खेलों से जुड़ने तथा नशे, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई गई। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा जागरूक, स्वस्थ, अनुशासित और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार बने।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...