Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू दशहरा में छाया लाहौल का सीबकथोर्न, 2000 रुपये लीटर तक बिक रहा जूस

November 4, 2026

कुल्लू दशहरा में छाया लाहौल का सीबकथोर्न, 2000 रुपये लीटर तक बिक रहा जूस

कुल्लूः हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति का उत्पाद सीबकथोर्न अब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अपनी पहचान बना चुका है। इसे छरमा जूस के नाम से भी जाना जाता है और इस उत्पाद को अब अच्छे दाम मिल रहे हैं। जिससे स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की आय में महत्त्वपूर्ण वृद्धि हुई है।

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा मेले में सीबकथोर्न उत्पादों की अच्छी मांग देखी जा रही है। सीबकथोर्न जूस की एक लीटर बोतल 1500 से 2000 हजार रुपये तक बिक रही है। इसकी आधा लीटर की पैकिंग 600 से लेकर 900 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, 250 मिलीलीटर की पैकिंग 500 से 600 रुपये में बेची जा रही है।ऐसे में जिला कुल्लू के बाजार में सीबकथोर्न के अच्छे दाम मिलना किसानों और उत्पादकों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है।

जिला लाहौल स्पीति के अधिकतर क्षेत्रों में सीबकथोर्न प्राकृतिक रूप से उगता है। अब लोग इसे अपने खेतों में भी उगाने लगे हैं। ऐसे में लाहौल के लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए यह आर्थिकी कमाने का एक महत्वपूर्ण साधन बनता जा रहा है। यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

जिला कुल्लू के ढालपुर मैदान में नाबार्ड के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को स्टाल भी उपलब्ध करवाए गए है। इन स्टॉलों पर महिला मंडलों और अन्य समूहों द्वारा तैयार उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें सीबकथोर्न से बना जूस प्रमुखता से शामिल है। इसके अलावा, सौवकथोर्न के फल भी पैकिंग में बेचे जा रहे हैं, जिनसे चाय बनाई जा सकती है। सीबकथोर्न के पत्तों की 50 ग्राम की पैकिंग भी 100 रुपये में बिक रही है।

पिछले वर्ष की अगर बात करे तो सीबकथोर्न जूस की एक लीटर पैकिंग 700 से 800 रुपये में बिकती थी। इस वर्ष इसकी कीमत बढ़कर 1500 से लेकर 2000 हजार रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस प्रकार एक साल के भीतर प्रति लीटर बोतल की पैकिंग में 600 से 700 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

ढालपुर में नाबार्ड के सहयोग से स्टाल लगा रहे टेक सिंह ठाकुर का कहना है कि इस साल सीबकथॉर्न के जूस की काफी डिमांड देखने को मिल रही है और प्रतिदिन वह 20 लीटर से लेकर 25 लीटर तक जूस बेच रहे हैं। बीते साल के मुकाबले इसके दाम में वृद्धि हुई है लेकिन उसके बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हो रहा है।

ढालपुर में स्टॉल लगाने पहुंचे स्पीति घाटी के रहने वाले किशन नेगी ने बताया कि सीबकथोर्न जूस की अच्छी मांग है। लोग स्वयं स्टॉल पर आकर इसकी जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आधा लीटर की पैकिंग 700 से 900 रुपये में बिक रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा सीबकथॉर्न के सूखे फल और इसकी पत्तियों को भी बचा जा रहा है। जिसे ग्राहकों के द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।

ढालपुर में स्टॉल लगाने वाले संजय शर्मा ने बताया कि उन्होंने भी अबकी बार सीबकथॉर्न का जूस बेचने के लिए यहां पर लाया हुआ है और वह लद्दाख से सीबकथॉर्न का जूस लेकर आए हैं। इसकी गुणवत्ता काफी अच्छी है। बीते साल के मुकाबले जूस के दामों में वृद्धि हुई है। क्योंकि लोगों के बीच अब इसकी डिमांड काफी अधिक हो गई है और इसकी आपूर्ति काफी कम हो रही है। लेकिन उसके बावजूद भी इसके फायदे को देखते हुए लोग सीबकथॉर्न की खरीदारी कर रहे हैं।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें