Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 35 ग्राम हेरोइन सहित दो युवकों को किया गिरफ्तार

November 7, 2026

मोगा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 35 ग्राम हेरोइन सहित दो युवकों को किया गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को कुल 35 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में थाना फतेहगढ़ मोगा की पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक युवक नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मलकियत सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी शेरे मंडार, थाना मखू, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है।

वहीं, दूसरे मामले में थाना बधनी कलां पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 15 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सहायक थानेदार संतोख सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू पुत्र हरप्रीत सिंह निवासी मालू की पत्ती, गांव राऊके कलां जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इसके आगे वितरण से जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशा तस्करों के खिलाफ गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें