
Benefits of Eating Almonds : सर्दियों में सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी होता है। ऐसे में बादाम खाना काफी फायदेमंद माना जाता है। बता दें कि बादाम में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को पोषण देते हैं। रोजाना एक मुट्ठी बादाम खाने से दिल की सेहत अच्छी रह सकती है और पेट भी लंबे समय तक भरा रहता है। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में रोज बादाम खाने के 5 फायदे बताए हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में…
रोज बादाम खाने से शरीर को मिलते हैं ये 5 फायदे
1. दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
बादाम खाने से दिल की सेहत को फायदा मिल सकता है। डॉक्टर के मुताबिक, बादाम खाने से LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिल सकती है। एक रिसर्च के अनुसार, बादाम खाने से खराब कोलेस्ट्रॉल में करीब 5 mg/dL तक कमी देखी गई है।
2. पेट को रखता है स्वस्थ
बादाम में अच्छी मात्रा में फाइबर होता है। करीब 23 बादाम खाने से शरीर को लगभग 4 ग्राम फाइबर मिलता है। यह पाचन को बेहतर रखने और पेट को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
3. ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मददगार
बादाम खाने से ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। अगर आप कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों के साथ बादाम खाते हैं, तो खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की समस्या कम हो सकती है।
View this post on Instagram
4. लंबे समय तक नहीं लगती भूख
अगर आपको बार-बार भूख लगती है, तो बादाम अच्छा स्नैक हो सकता है। एक मुट्ठी बादाम में करीब 6 ग्राम प्रोटीन और हेल्दी फैट होता है। इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम हो सकती है।
5. स्किन के लिए भी अच्छा है बादाम
बादाम खाने से त्वचा को भी फायदा मिल सकता है। इसमें विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। एक स्टडी में 24 हफ्तों तक बादाम खाने के बाद चेहरे की झुर्रियों में करीब 16 प्रतिशत तक कमी देखी गई।
सर्दियों में बादाम कैसे खाएं?
सर्दियों में आप बादाम को अपनी डाइट में कई तरह से शामिल कर सकते हैं।
– बादाम को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खा सकते हैं।
– हल्के रोस्ट किए हुए बादाम स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं।
– दूध के साथ बादाम लेना भी एक अच्छा विकल्प है।
– शाम की चाय के साथ बादाम खा सकते हैं।
रोज कितने बादाम खाने चाहिए?
एक मुट्ठी यानी करीब 20 से 23 बादाम खाना अच्छा विकल्प हो सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है। अगर आपको बादाम से एलर्जी है या कोई खास स्वास्थ्य समस्या है, तो इन्हें खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।