Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

झाकड़ी में होमस्टे में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा

November 12, 2026

झाकड़ी में होमस्टे में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा

रामपुर बुशहर: शिमला जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना झाकड़ी के तहत एक होमस्टे में दबिश देकर पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्तों के साथ 10 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 और 12 नवंबर की मध्यरात्रि को डिटेक्शन सेल, उपमंडल रामपुर की टीम को एक होमस्टे में जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान होमस्टे में सात व्यक्ति ताश के पत्तों के माध्यम से जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्ते और 10 हजार रुपये की नकदी कब्जे में ले ली।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान खुशपाल मेहता निवासी सनारसा, जगदीप सिंह निवासी जनकपुरी जिला किन्नौर, शिव सिंह निवासी चांदपुर, निका राम निवासी सनारसा, राजेंद्र ठाकुर निवासी समेज जिला कुल्लू, सतीश कुमार निवासी पाटी बसारा और कीरत देव निवासी मोहाली जिला कुल्लू के रूप में की है।

इस मामले में 12 नवंबर को पुलिस थाना झाकड़ी में सातों व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें