
नेशनल डेस्कः मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को किया नमन। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के करीब 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति आभार जताया। सीएम योगी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। सैनिक देश की सीमाओं पर रहकर हर मुश्किल का सामना करते हैं और अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही ‘वन रैंक-वन पेंशन’ की मांग को कई दशकों तक पूरा नहीं किया। सैनिकों और शहीदों के परिवारों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में सैनिकों का सम्मान और उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकता बन चुका है।
वीर सैनिकों के परिवारों के लिए आज मैं तीन निर्णयों की घोषणा करता हूं… https://t.co/8JX9fjoMgQ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 14, 2026
सुरक्षित माहौल के बिना विकास संभव नहीं
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी देश और समाज के विकास के लिए सुरक्षा बेहद जरूरी है। जब देश में सुरक्षित माहौल होता है, तभी तरक्की की रफ्तार बढ़ती है। अगर सुरक्षा नहीं होगी तो विकास की जगह नुकसान होने लगता है। उन्होंने सैनिकों की बहादुरी का जिक्र करते हुए कहा कि चाहे सियाचिन की कड़ाके की ठंड हो या राजस्थान की तपती रेत, भारतीय सैनिक हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक कभी रिटायर नहीं होता, बल्कि सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह समाज और गांव के लोगों को सही दिशा दिखाता है और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनता है।
यूपी की धरती ने देश को दिए कई वीर सैनिक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों और बहादुर सैनिकों की धरती है। प्रदेश में करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेना से सेवानिवृत्त होते हैं। इनमें करीब 12 हजार सैनिक उत्तर प्रदेश के होते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को कई महान वीर सैनिक दिए हैं। इनमें जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीरों के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई परिवार हैं, जिनमें पीढ़ी दर पीढ़ी लोग सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। पहले परिवार के दादा ने सेना में सेवा दी, फिर पिता ने और अब बेटे-बेटियां भी देश की रक्षा के लिए वर्दी पहन रहे हैं।
गाजीपुर का गहमर गांव सैनिकों के लिए प्रसिद्ध
सीएम योगी ने अपने संबोधन में गाजीपुर जिले के गहमर गांव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह गांव बड़ी संख्या में सेना के जवान देने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा बुलंदशहर में भी ऐसे कई परिवार हैं, जिनकी कई पीढ़ियों ने सेना में रहकर देश की सेवा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह न करने वाले वीर जवानों के बलिदान और समर्पण को वह नमन करते हैं। देश हमेशा अपने सैनिकों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा।
पिछली सरकारों के कार्यकाल में सैनिकों का अपमान हुआ: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की कुछ पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि साल 2016 में मेरठ में कारगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक घटना हुई थी।
सीएम के मुताबिक, एक राजनीतिक दल के समर्थकों ने पूर्व सैनिक को सिर्फ इसलिए पीटा था, क्योंकि उन्होंने उन्हें सलाम करने से मना कर दिया था। उन्होंने साल 2013 में एलओसी पर शहीद हुए एक सैनिक का मामला भी उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय शहीद सैनिक के सम्मान में प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं भी नहीं की गई थीं। उन्होंने मेरठ में महिलाओं के खिलाफ अपराध और छेड़छाड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में अपराध की घटनाएं बढ़ रही थीं और आम लोगों की सुरक्षा एक बड़ा सवाल बन गई थी।
आतंकी हमलों का जवाब देने में आज का भारत पीछे नहीं हटता
सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों के समय देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी समझौते किए जाते थे। जब देश में आतंकी हमले होते थे तो सरकार सिर्फ डोजियर भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय देश के वीर जवानों की बहादुरी पर भी सवाल उठाए जाते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की स्थिति बदल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भारत आतंकवाद फैलाने वालों को कड़ा जवाब देता है। देश की सेना को मजबूत किया जा रहा है और सैनिकों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान देश के सामने अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को पूरा करने में सैनिकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।
शहीद परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता 50 लाख रुपये की गई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिकों और शहीदों के परिवारों के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को खत्म करके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया गया है। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य सेना और सभी वर्दीधारी जवानों का सम्मान करना है। सीएम योगी ने बताया कि शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा साल 2018 से शहीद सैनिकों के परिवारों के योग्य आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी लागू की गई है। शहीद सैनिकों की याद को हमेशा जीवित रखने के लिए उनके नाम पर स्मारक और स्मृति द्वार भी बनाए जा रहे हैं।
राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं, सैनिकों का बलिदान हमेशा याद रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने हमेशा अपने निजी जीवन और प्राणों से ऊपर देश को रखा है। सैनिकों का त्याग और बलिदान देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के परिवार भी सम्मान के हकदार हैं, क्योंकि वे अपने प्रियजनों को देश की सेवा के लिए भेजते हैं और लंबे समय तक उनसे दूर रहते हैं। सरकार का कर्तव्य है कि सैनिकों और उनके परिवारों को पूरा सम्मान और सहयोग मिले।