Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला: शोघी में बस की चेकिंग के दौरान 8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

November 15, 2026

शिमला: शोघी में बस की चेकिंग के दौरान 8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

शिमला। राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने शोघी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस में सवार युवक को करीब 8 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रजत वेक्टा (31) पुत्र रमेश वेक्टा निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम पुलिस चौकी शोघी के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों और बसों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बस को जांच के लिए रोका। बस में सवार यात्रियों की तलाशी लेने के दौरान पुलिस को रजत वेक्टा के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। मामले में पुलिस थाना वेस्ट शिमला में अभियोग संख्या 253/2026 दिनांक 14 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था और क्या वह किसी नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक परिवहन सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और नाकाबंदी की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें