Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

November 17, 2026

करनाल में प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Karnal MC Cracks Down on Air Pollution : करनाल। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहकर फील्ड में उतरें और प्रदूषण फैलाने वाले कारकों पर तत्काल कार्रवाई करें। खुले में कूड़ा जलाने, निर्माण सामग्री फैलाने और सड़कों पर धूल उड़ने जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। निगमायुक्त ने 15 जनवरी तक विशेष अभियान चलाने, एंटी स्मॉग गन और रोड स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 15 जनवरी तक सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सक्रिय रहकर प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों की नियमित निगरानी करेंगे। पर्यावरण प्रदूषण से संबंधित किसी भी प्रकार की उल्लंघना सामने आने पर बिना देरी किए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निगमायुक्त ने कहा कि सी.ए.क्यू.एम. की ओर से जारी गाइडलाइन और दिशा-निर्देशों की पालना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा सी.ए.क्यू.एम. की टीमें कभी भी शहर का औचक निरीक्षण कर सकती हैं। इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें और नियमित निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि बीते रविवार को शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आयुक्त एवं सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं।

प्रगति-50 योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और करनाल पर विशेष फोकस किया जा रहा है। ऐसे में करनाल नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने अतिरिक्त निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, उप निगम आयुक्त, कार्यकारी अभियंताओं सहित सभी अभियंताओं, जोन प्रभारियों, सफाई निरीक्षकों और सफाई दरोगाओं को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख हॉट स्पॉट चिन्हित किए जाएं और उन्हें समाप्त करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। अवैध रूप से कूड़ा-कर्कट जलाना, खुले में निर्माण सामग्री रखना, सडक़ों पर धूल-मिट्टी उडऩा, कचरे का जमाव और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी स्थान पर गारबेज वल्नरेबल पॉइंट (जी.वी.पी.) नहीं होना चाहिए। जहां भी कूड़े के ढेर या गंदगी दिखाई दे, वहां तत्काल सफाई करवाकर संबंधित स्थान को साफ एवं व्यवस्थित बनाया जाए। सडक़ों पर धूल उडऩे से रोकने के लिए निगमायुक्त ने एंटी स्मॉग गन के नियमित संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सडक़ों एवं प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों को कवर करते हुए एंटी स्मॉग गन का रूट प्लान तैयार किया जाए और मशीन का संचालन उसी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। मशीन पर जीपीएस सिस्टम लगा होना चाहिए तथा इसके रूट प्लान को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जोड़ा जाए, ताकि मशीन की लोकेशन, संचालन और कवरेज की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके।

इसके अतिरिक्त रोड स्वीपिंग मशीनों का भी नियमित संचालन किया जाए। सफाई शाखा के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रमुख सडक़ों, डिवाइडरों और धूल प्रभावित क्षेत्रों की मैकेनाईज व मैनूअल तरीके से सफाई सुनिश्चित हो। सफाई कर्मचारियों को भी सडक़ों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। संबंधित बीट में सफाई दरोगा प्रत्येक सफाई कर्मचारी के कार्य की जांच करेगा, जबकि जोन प्रभारी अपने पूरे क्षेत्र की नियमित निगरानी कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। सफाई कार्य में खामी मिलने पर संबंधित सफाई कर्मी या दरौगा पर उचित कार्रवाई की जाए। निगमायुक्त ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट मिलने पर उसे तुरंत उठवाकर निर्धारित सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट तक पहुंचाया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जोन प्रभारी अपने क्षेत्र में सीएंडडी वेस्ट मिलने की सूचना संबंधित अभियंताओं को देंगे, ताकि उसका तत्काल निस्तारण हो सके।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें