
यमुनानगर : अमेरिका से आई विमानन क्षेत्र की खबर केवल एक देश के हवाई यातायात में आई अव्यवस्था की कहानी नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक पर अत्यधिक निर्भर होती दुनियां के सामने खड़े एक बड़े खतरे का संकेत भी है। जिस अमेरिका को तकनीकी विकास, वैज्ञानिक नवाचार और आधुनिक परिवहन व्यवस्था का अग्रणी देश माना जाता है, उसी के हवाई यातायात तंत्र में आई गंभीर तकनीकी गड़बड़ी ने हजारों उड़ानों को प्रभावित कर दिया।
प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं, उड़ानों के सूचना पट्टों पर रद्द होने और देरी की सूचनाएँ दिखाई देने लगीं तथा हजारों लोग अपनी यात्रा के अगले कदम को लेकर असमंजस में पड़ गए। आपको बता दें कि इस अवसर पर कुछ यात्री जिन्होंने यमुनानगर में अपने संबंधियों की शादियों में आना था, वह भी नहीं आ पाए। 13 नवंबर 2026 को अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन ने हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों में संचार संबंधी समस्या के कारण देशभर से उड़ान भरने वाले विमानों पर अस्थायी रोक लगा दी।
डा. सौरभ ने बताया कि 14 नवंबर की उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर हजारों उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। शनिवार को ही शुरुआती आंकड़ों में 3,200 से अधिक उड़ानों के रद्द होने की जानकारी सामने आई। शुक्रवार को बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुईं और देरी का आंकड़ा भी हजारों में पहुंच गया।
इस संकट की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शिकागो का ओहेयर, अटलांटा का हाट्र्सफील्ड-जैक्सन, डलास-फोर्ट वर्थ, न्यूयॉर्क के प्रमुख हवाई अड्डे, डेनवर, लॉस एंजिलिस और सैन फ्रांसिस्को जैसे व्यस्त विमानन केंद्र भी इससे प्रभावित हुए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा हुआ क्यों? अमेरिकी अधिकारियों के शुरुआती बयानों के अनुसार, हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के बीच संचार व्यवस्था में तकनीकी समस्या पैदा हुई।