Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेलो हिमाचल अभियान- चिट्टा मुक्त हिमाचल’: कुल्लू के 5 उपमंडलों में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण

November 22, 2026

‘खेलो हिमाचल अभियान- चिट्टा मुक्त हिमाचल’: कुल्लू के 5 उपमंडलों में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण

कूल्लू: युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल अभियान- चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के अंतर्गत कुल्लू जिला के सभी 5 उपमंडलों में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में आठ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए शनिवार को उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

उपायुक्त ने बताया कि इन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों और टीमों के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। पंजीकरण के दौरान आयु वर्ग और स्थानीय निवास संबंधी पात्रता मानदंडों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के तहत उपमंडल स्तर पर कुल आठ खेलों का चयन किया गया है, जिनमें कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन, रस्साकशी और क्रिकेट आदि शामिल हैं। प्रत्येक उपमंडल में इन प्रतियोगिताओं की तिथियां, समय-सारणी और उपयुक्त खेल मैदानों व इनडोर स्टेडियम का चयन जल्द ही अंतिम रूप से तय किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पंचायत अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत से हर खेल की महिला और पुरुष वर्ग की एक-एक टीम के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उपमंडलाधिकारी एवं उपनिदेशक शिक्षा (उच्चतर/स्कूली) अपने अधिकार क्षेत्र के महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से छात्रों की भागीदारी व तकनीकी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थलों पर खेल मैदानों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा (First Aid), एंबुलेंस, चिकित्सा दल और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उपमंडल स्तर पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग और महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 30 नवंबर तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं और ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। बैठक कि कार्यवाही का सञ्चालन जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, उपमंडलाधिकारी एसडीएम जय बंती ठाकुर, समिति के सदस्यगण, उपमंडल स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी और संबंधित खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें