बातचीत के दौरान शीतल अंगुराल ने कहा कि बीते दिन जालंधर वेस्ट में आम आदमी पार्टी की ओर से चुनावी कार्यालय खोला गया, लेकिन कार्यालय के उद्घाटन में 90 लोग भी नहीं पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक कैबिनेट मंत्री के कार्यक्रम में भी इतनी कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं तो इससे जनता की नाराजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। शीतल अंगुराल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी जालंधर वेस्ट से चुनाव हारने जा रही है। उन्होंने कहा कि मोहिंदर भगत इस बार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाएंगे।
अंगुराल ने आरोप लगाया कि मोहिंदर भगत के कार्यकाल में जालंधर वेस्ट में नशे का कारोबार बढ़ा है और विकास के नाम पर कोई बड़ा काम नहीं हुआ। उन्होंने मंत्री से सवाल किया कि यदि इलाके में नशा खत्म हो गया है तो नशे के कारण हो रही मौतों का जवाब कौन देगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले मोहिंदर भगत ने जालंधर वेस्ट को स्वर्ग बनाने का वादा किया था, लेकिन आज इलाके की हालत पहले से भी बदतर हो गई है। अंगुराल ने आरोप लगाया कि मंत्री ने जनता के विकास के बजाय अपने परिवार और अपनी फैक्टरी को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि जालंधर वेस्ट की जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।