Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

संगठन की मजबूती के लिए भाजपा ने तेज की तैयारियां, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान : अखिलेश कपूर

November 25, 2026

संगठन की मजबूती के लिए भाजपा ने तेज की तैयारियां, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान : अखिलेश कपूर

कुल्लूः आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कुल्लू सदर भाजपा मंडल की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष श्रवण ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी अखिलेश कपूर का पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी अखिलेश कपूर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अभी समय शेष है, लेकिन संगठन को मजबूत करने की तैयारियां चुनाव से काफी पहले शुरू करनी होंगी। भाजपा का लक्ष्य कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाना है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहे और केंद्र एवं प्रदेश स्तर पर पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों तथा विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए। बूथ की मजबूती ही चुनावी सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

अखिलेश कपूर ने संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। यदि कोई कार्यकर्ता किसी कारणवश संगठन से दूर या नाराज चल रहा है तो उससे संवाद स्थापित कर उसे दोबारा संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर व्यक्तिगत संपर्क अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता की संगठन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ उसके समर्थन में काम करेगा। भाजपा में संगठन का निर्णय सर्वोपरि है और व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर पार्टी का हित एवं विजय का लक्ष्य है।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय, संवाद और एकजुटता बेहद जरूरी है। यदि कोई कार्यकर्ता नाराज है या संगठन से दूर है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय उससे संवाद स्थापित कर दोबारा पार्टी के साथ जोड़ना हमारी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय की गतिविधियों से नहीं आती, बल्कि लगातार जनता के बीच रहने, उनकी समस्याओं को उठाने और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संपर्क बनाए रखने से आती है।

पूर्व भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में असंख्य कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से अपना योगदान दिया है। पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे वर्षों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और तपस्या है। अतः हम सभी का दायित्व है कि उनके योगदान को सदैव याद रखें, पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान करें और उनके अनुभवों से सीख लेते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दानवेंद्र सिंह, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव मनीषा सूद, ऋषभ कालिया सहित जिला एवं मंडल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें