Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईवीएम खराब होने पर बदली मशीन, प्रचार करने पर उम्मीदवारों को नोटिस

November 28, 2026

ईवीएम खराब होने पर बदली मशीन, प्रचार करने पर उम्मीदवारों को नोटिस
61.36% Turnout in Bagha Purana Civic Polls : मोगा। नगर कौंसिल के 15 वार्डों के लिए शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो गई। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक जारी रही। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद पोलिंग स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए।

नगर कौंसिल चुनाव में कुल 61.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, बूथ कैप्चरिंग या अन्य गंभीर शिकायत सामने नहीं आई। एसडीएम-कम-रिटर्निंग अधिकारी गगनदीप सिंह ने चुनाव प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। मतदाताओं ने बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से प्राप्त शिकायतों और आपत्तियों पर तत्काल कार्रवाई की गई, ताकि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमों के अनुसार संपन्न करवाया जा सके।

ईवीएम में खराबी आने पर बदली गई मशीन मतदान के दौरान एक पोलिंग स्टेशन पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के संबंध में एसडीएम ने बताया कि सुबह मशीन में दिक्कत आने की सूचना मिली थी। इसके बाद इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और नियमों के अनुसार मशीन बदल दी गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। उनकी सहमति से आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। उन्होंने कहा कि ईवीएम में आई खराबी तकनीकी थी, जिसे समय रहते दूर कर दिया गया। इसके कारण चुनाव प्रक्रिया पर किसी प्रकार का गंभीर असर नहीं पड़ा।

बाजार खुले रहे, लोगों ने उत्साह से किया मतदान एसडीएम गगनदीप सिंह ने बताया कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान आमतौर पर बाजार बंद रहते हैं, लेकिन इस बार बाघापुराना में बाजार खुले रहे और शहर में सामान्य चहल-पहल देखने को मिली। लोगों ने अपने रोजमर्रा के कामकाज के साथ-साथ मतदान में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करते हैं। जब लोग स्थानीय स्तर पर होने वाले चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, तो इससे भविष्य में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने शहरवासियों, मीडिया कर्मियों और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। चुनाव प्रचार संबंधी शिकायतों पर उम्मीदवारों को नोटिस चुनाव प्रचार बंद होने के बावजूद सोशल मीडिया पर प्रचार किए जाने संबंधी वायरल वीडियो के बारे में एसडीएम ने बताया कि इस मामले में फ्लाइंग स्क्वायड टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। संबंधित वार्डों के उम्मीदवारों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि कोई उम्मीदवार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मतगणना के संबंध में हाई कोर्ट करेगा फैसला एसडीएम ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पोलिंग एजेंटों के हस्ताक्षर लिए गए हैं और वे पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट हैं। चुनाव संबंधी रिपोर्ट पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक की ओर से माननीय हाई कोर्ट को सौंपी जाएगी। इसके बाद मतगणना करवाने के संबंध में माननीय मुख्य न्यायाधीश द्वारा फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतों की गिनती सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां), बाघापुराना में करवाई जानी है। इसके लिए स्ट्रांग रूम तैयार कर दिए गए हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।

सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग सहित पुलिस के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण को भी पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतगणना को लेकर हाई कोर्ट के फैसले का इंतजार करें और न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें