पालमपुर। हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को अब प्रदेश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब सरकार की लगभग 90 प्रतिशत राजस्व प्राप्तियां वेतन, पेंशन और कर्ज के ब्याज जैसे अनिवार्य खर्चों में ही समाप्त हो रही हैं, तो प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन कहां से आएगा?
परमार ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सामने आए आंकड़े अत्यंत चिंताजनक हैं। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के विश्लेषण के अनुसार हिमाचल प्रदेश में प्रतिबद्ध व्यय राजस्व प्राप्तियों का लगभग 90 प्रतिशत पहुंच चुका है। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान में पूंजीगत व्यय घटकर लगभग 3,090 करोड़ रुपये रह गया है, जबकि पिछले वर्ष के संशोधित अनुमान में यह लगभग 10,229 करोड़ रुपये था। यह गिरावट प्रदेश में विकासात्मक कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण, पुलों की मरम्मत, अस्पतालों का उन्नयन, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं, पेयजल योजनाएं और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता। इसके लिए बजट और मजबूत आर्थिक इच्छाशक्ति चाहिए। आज प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि सरकार के पास नई विकास योजनाओं के लिए धन क्यों नहीं है और आखिर प्रदेश को इस स्थिति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?
परमार ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के दौरान जनता को अनेक गारंटियां दी थीं। महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत तथा प्रत्येक वर्ग के कल्याण के बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन आज इन वादों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने है। चुनाव के समय किए गए वादों और सत्ता में आने के बाद अपनाई गई नीतियों के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जिन गारंटियों के नाम पर जनता से समर्थन मांगा गया था, उनका पूरा लाभ प्रदेशवासियों तक कब पहुंचेगा?
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी अपने वित्तीय देयों तथा लंबित लाभों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। हिमाचल परिवहन निगम के पेंशनभोगियों को भी समय पर भुगतान और अन्य वित्तीय देयों को लेकर संघर्ष करना पड़ रहा है। जीवनभर प्रदेश की सेवा करने वाले बुजुर्गों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़े, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति क्या हो सकती है?
भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कोई सामान्य भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य नहीं है। यहां पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की लागत अधिक आती है। ऐसे में विकास बजट में भारी कटौती का सीधा प्रभाव ग्रामीण जनता, किसानों, बागवानों, युवाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों पर पड़ेगा। कांग्रेस सरकार को समझना होगा कि आर्थिक प्रबंधन में विफलता का खामियाजा प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों को नहीं भुगतना चाहिए।
परमार ने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र जारी किया जाए। सरकार स्पष्ट करे कि कुल कर्ज कितना है, कितना ब्याज चुकाया जा रहा है, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के कितने वित्तीय देय लंबित हैं और आगामी दो वर्षों में विकास कार्यों के लिए धन जुटाने की क्या योजना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है, लेकिन कांग्रेस सरकार को चुनावी तैयारियों से पहले प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। हिमाचल की जनता को विज्ञापनों, घोषणाओं और राजनीतिक भाषणों की नहीं, बल्कि धरातल पर विकास, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा की आवश्यकता है।
परमार ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर पर्दा डालकर राजनीतिक उपलब्धियां गिनाने से सच्चाई नहीं बदलने वाली। कांग्रेस सरकार को यह बताना ही होगा कि हिमाचल का खजाना खाली होने की स्थिति में प्रदेश का भविष्य सुरक्षित कैसे रहेगा। हिमाचल की जनता अब सवाल पूछ रही है और सरकार को इन सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)