Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, हल्दी का एमएसपी 170 और अदरक का 40 रुपये किलो किया

November 29, 2026

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, हल्दी का एमएसपी 170 और अदरक का 40 रुपये किलो किया

Himachal Hikes MSP for Naturally Grown Crops : शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी की है। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने घोषणा की कि आगामी वर्ष से प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का एमएसपी 150 से बढ़ाकर 170 रुपये और गेहूं का 80 से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम किया जाएगा। वहीं, अदरक का एमएसपी भी 30 से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.68 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं।

प्रदेश में प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादित फसलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह बात रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती एवं कीटनाशक कृषि पर विशेष कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती का दायरा निरंतर बढ़ रहा है। 31 जुलाई, 2026 तक हिमाचल प्रदेश में 2,68,128 किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं तथा 61,156 हेक्टेयर कृषि भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही है। यह प्रदेश में प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों के बढ़ते रुझान और सरकार के प्रयासों का परिणाम है।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पिछले तीन वर्षों में विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम कार्यान्वित किए गए हैं। इनमें राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना (RGPK3Y), भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति (BPKP), कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (ATMA) योजना तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (NMNF) प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए किसानों को बेहतर मूल्य सुनिश्चित कर रही है। इसी दिशा में सरकार ने आगामी वर्ष से प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलोग्राम तथा गेहूं का एमएसपी 80 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम करने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक खेती से उत्पादित अदरक का एमएसपी 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी प्रदेश सरकार की ओर से प्राकृतिक खेती से उत्पादित विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

इसके तहत गेहूं का एमएसपी 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये, मक्की का 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये, जौ का 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये तथा हल्दी का 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया था। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है और कृषि ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने किसानों को सशक्त बनाने, उनकी आय में वृद्धि करने तथा उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं शुरू की हैं।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि यह कृषि को अधिक टिकाऊ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान प्राकृतिक खेती को अपनाएं और इसके माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिले।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें