Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

RCB की जीत का जश्न मातम में बदला, चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत

June 4, 2025

RCB की जीत का जश्न मातम में बदला, चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत

खेल डेस्क: आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम के जश्न का माहौल बुधवार को एक बड़े हादसे में बदल गया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाली ‘विक्ट्री परेड’ से पहले भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जीत का जश्न मनाने इकट्ठा हुए थे हजारों लोग 
ये हादसा उस वक्त हुआ जब हजारों की संख्या में लोग RCB की जीत का जश्न मनाने स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हुए थे। RCB ने 18 साल के लंबे इंतजार के बाद पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की थी।

 

हादसे में दर्जनों लोग घायल, कईयों की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेडियम के बाहर भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि लोगों को काबू में रखना मुश्किल हो गया। अचानक भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कई लोग गिर पड़े और कुचल गए। हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस 
आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे की वजह आयोजकों की लापरवाही और भीड़ को सही तरीके से नियंत्रित न कर पाना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

 

घटनास्थल पर जा हूं: उपमुख्यमंत्री शिवकुमार 
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि वह खुद घटनास्थल पर जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए 5000 से ज्यादा स्टाफ तैनात किए गए थे, लेकिन फिर भी यह हादसा हो गया।

स्वागत में भारी भीड़ उमड़ी
RCB की टीम जब बुधवार को बेंगलुरु पहुंची, तो एयरपोर्ट से लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मिलने तक उनके स्वागत में भारी भीड़ उमड़ी। इसके बाद टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए स्टेडियम में परेड की योजना थी, जो इस दर्दनाक हादसे के चलते मातम में बदल गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें