Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chhattisgarh elections: प्रति गैस सिलेंडर 500 रुपये की सब्सिडी देने का प्रियंका गांधी ने किया वादा

October 30, 2023

Chhattisgarh elections: प्रति गैस सिलेंडर 500 रुपये की सब्सिडी देने का प्रियंका गांधी ने किया वादा

खैरागढ़/बिलासपुरः कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बरकरार रहने पर महतारी न्याय योजना लागू की जाएगी जिसके तहत प्रति गैस सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी तथा राज्य में दो सौ यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। प्रियंका ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए आठ घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू करेंगे, प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। राज्य में 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। महिला स्व-सहायता समूहों के तथा सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए ऋण माफ किए जाएंगे। आगामी वर्षों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी।

प्रियंका ने घोषणा की, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा तथा राज्य के किसानों से तिवरा फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। बाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने हैंडल पर पोस्ट किया, हमारी गारंटी: महतारी न्याय योजना। फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ की माताओं एवं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू कर प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपए की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में सरकार द्वारा सीधे जमा की जाएगी।’’ प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है लेकिन जनता की खुशी देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश गई थीं लेकिन वहां की जनता खुश नहीं थी।

प्रियंका ने कहा, बघेल सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आपकी संपत्ति आपको वापस कर रही है। लेकिन केंद्र सरकार क्या कर रही है? यह संपत्तियों को छीन रही है और उन्हें अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को सौंप रही है। बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे और पीएसयू को औने-पौने दामों पर उद्योगपतियों को बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा, हम समानता और सशक्तिकरण तथा सभी के प्रतिनिधित्व की बात करते हैं। यह हमारी पार्टी की सोच है जो महात्मा गांधी की सोच और उनका दृष्टिकोण था कि जब तक ग्रामीण क्षेत्रों का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास पूरा नहीं होगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने दर्शकों से पूछा, क्या आप उन लोगों को वोट देंगे जो आपको धर्म के नाम पर गुमराह करते हैं और आपके जीवन में केवल समस्याएं लाते हैं, या उस पार्टी को वोट देंगे जो आपका विकास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए काम करती है। उन्होंने लोगों से अपने और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट देने का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें- Telangana: चुनाव प्रचार के दौरान BRS MP के. प्रभाकर रेड्डी पर चाकू से हमला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें