Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कम से कम वोट तो डाल सकते थे’, सज्जाद लोन पर सीएम उमर अब्दुल्ला का पलटवार

October 27, 2025

‘कम से कम वोट तो डाल सकते थे’, सज्जाद लोन पर सीएम उमर अब्दुल्ला का पलटवार

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन की तीखी आलोचना की। सज्जाद लोन ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों को नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और भाजपा के बीच “फिक्स मैच” बताया था। मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जो व्यक्ति खुद चुनाव में हिस्सा लेने से ही पीछे हट गया, उसे इस तरह की टिप्पणी करने का कोई हक नहीं है। उन्होंने लोन पर अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें:  छठ घाट की तैयारी के दौरान नदी में डूबे 4 बच्चे, गांव में पसरा मातम

वे भाजपा के साथ हैं या नहीं: अब्दुल्ला 

उमर अब्दुल्ला ने कहा, “जो व्यक्ति शुरू में चुनाव में भाग लेने को भी तैयार नहीं था, वह किसी पर टिप्पणी कैसे कर सकता है? अगर सज्जाद लोन को ‘मैच फिक्सिंग’ रोकनी थी, तो कम से कम आकर वोट तो डाल सकते थे। हंदवाड़ा के लोगों ने उन्हें चुप रहने या दोहरी भूमिका निभाने के लिए नहीं चुना है। उन्हें साफ-साफ बताना चाहिए कि वे भाजपा के साथ हैं या नहीं।” उन्होंने कहा कि जब चुनाव की घोषणा हुई थी, तब ही उन्होंने कहा था कि जो दल या नेता चुनाव में हिस्सा नहीं लेते, वे सीधे भाजपा की मदद करते हैं।

कोई गुप्त समझौता नहीं हुआ

उमर अब्दुल्ला ने सज्जाद लोन के आरोपों को “बिलकुल झूठा और निराधार” बताया। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर में भाजपा से सीधी टक्कर लेने वाली एकमात्र पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस है। राज्यसभा चुनाव में हमने भाजपा के खिलाफ पूरा दम लगाया। कोई गुप्त समझौता नहीं हुआ। अगर कुछ लोगों ने अपनी अंतरात्मा बेच दी है, तो उसकी जिम्मेदारी हम पर नहीं है।”

बता दें कि 25 अक्टूबर को सज्जाद लोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए दावा किया था कि भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने लिखा था कि डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने खुद कहा था कि भाजपा ने उन्हें तीन राज्यसभा सीटों के लिए एक प्रस्ताव दिया था, इससे साफ है कि दोनों पार्टियों के बीच संपर्क था। उन्होंने इसे “फिक्स मैच” करार दिया था।

यह भी पढ़ें:  श्रेयस अय्यर ICU में भर्ती, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान पसलियों में लगी थी चोट

चार में से तीन सीटों पर जीती एनसी

हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने जम्मू-कश्मीर की चार में से तीन सीटों पर जीत हासिल की। एनसी के नेता चौधरी मोहम्मद रमजान 58 वोटों से विजेता बने। पार्टी के अन्य उम्मीदवार सज्जाद किचलू और शम्मी ओबेरॉय ने भी जीत दर्ज की। वहीं भाजपा के सतपाल शर्मा ने 32 वोटों से जीत हासिल की, जबकि एनसी के इमरान नबी डार को 22 वोट मिले। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इन नतीजों से साफ है कि जनता का भरोसा अब भी नेशनल कॉन्फ्रेंस पर है और भाजपा से मुकाबला केवल उनकी पार्टी ही कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें