Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बात कुछ ज्यादा ही बढ़ गई थी’, ट्रंप पर की गई टिप्पणियों को लेकर एलन मस्क ने जताया अफसोस

June 11, 2025

‘बात कुछ ज्यादा ही बढ़ गई थी’, ट्रंप पर की गई टिप्पणियों को लेकर एलन मस्क ने जताया अफसोस

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला-स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क के बीच पिछले हफ्ते तीखी बयानबाजी हुई थी। अब एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर अपनी कुछ पोस्ट को लेकर अफसोस जताया है। उन्होंने कहा कि “मेरी कुछ पोस्ट हद से ज्यादा हो गई थीं, इसके लिए खेद है।”

क्या था पूरा मामला?
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब एलन मस्क ने अमेरिकी सरकारी विभाग डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मस्क ने ट्रंप के उस नए कानून की कड़ी आलोचना की, जिसमें सरकारी खर्च और टैक्स में कटौती का प्रावधान है। ट्रंप इस बिल को “One Big Beautiful Bill” कह रहे हैं। इस बिल में एक अहम बात यह है कि इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) पर मिलने वाली $7500 की टैक्स छूट को खत्म किया जा रहा है। इससे मस्क की कंपनी टेस्ला को सीधा नुकसान हो सकता है। मस्क ने कहा कि ट्रंप ने इस बिल के बारे में कभी सही से जानकारी नहीं दी, जबकि ट्रंप का कहना है कि उन्होंने मस्क को इस बिल के बारे में बताया था।

सोशल मीडिया पर और भी बढ़ा विवाद
मस्क ने सोशल मीडिया पर ट्रंप के खिलाफ कई टिप्पणियां कीं। उन्होंने ट्रंप के महाभियोग (Impeachment) का समर्थन किया, हालांकि बाद में वह पोस्ट हटा दी। मस्क ने ट्रंप के जेफरी एपस्टीन से पुराने रिश्तों का भी ज़िक्र किया, जिसे ट्रंप ने झूठा और पुराना मुद्दा बताया।

मस्क को ट्रंप से नाराज़गी क्यों?
EV टैक्स छूट का खत्म होना:
ट्रंप के बिल में कहा गया है कि जो कंपनियां 2009 से 2025 के बीच 2 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन बेच चुकी हैं, उन्हें अब टैक्स छूट नहीं मिलेगी। इससे टेस्ला जैसी कंपनियां छूट के बाहर हो जाएंगी।

NASA में नियुक्ति को लेकर अनदेखी:
मस्क चाहते थे कि उनके करीबी और SpaceX के साथ जुड़े जेरेड इसाकमैन को NASA का प्रमुख बनाया जाए। लेकिन ट्रंप ने इस सिफारिश को नज़रअंदाज़ कर दिया, जिससे मस्क नाराज़ हो गए। मस्क को लगता था कि इसाकमैन की नियुक्ति से उनकी कंपनी SpaceX को लाभ मिलेगा।

मस्क का अब क्या कहना है?
अब मस्क ने मामले को ठंडा करने की कोशिश करते हुए कहा है कि उनकी कुछ टिप्पणियां उत्तेजना में की गईं और “थोड़ी ज्यादा” हो गई थीं। उन्होंने कहा कि वह अब इस मुद्दे को यहीं खत्म करना चाहते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें