Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोहाली में ऑपरेशन सील की बड़ी कामयाबी: 500 शराब की पेटियों से भरा ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस

May 18, 2025

मोहाली में ऑपरेशन सील की बड़ी कामयाबी: 500 शराब की पेटियों से भरा ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस

मोहाली: अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सील” के तहत मोहाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डेराबस्सी उपमंडल के हंडेसरा क्षेत्र में बनाए गए विशेष चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें 500 से अधिक शराब की पेटियां बरामद की गईं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह शराब चंडीगढ़ से हरियाणा ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक से दस्तावेज मांगे, लेकिन वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहा। इसके चलते पुलिस ने तुरंत ट्रक को जब्त कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

-अमृतसर कांड के बाद बढ़ी सख्ती

कुछ दिन पहले अमृतसर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के बाद पंजाब पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी संदर्भ में मोहाली पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा के नजदीक सघन निगरानी अभियान शुरू किया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध शराब की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि यह शराब चंडीगढ़ से बनकर हरियाणा में सप्लाई के लिए भेजी जा रही थी। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और किन स्थानों पर यह शराब पहुंचाई जानी थी।

-अवैध शराब के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी

इस घटना के बाद पंजाब पुलिस ने उन नेटवर्क की पहचान शुरू कर दी है, जो शराब तस्करी और अवैध निर्माण में संलिप्त हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क अंतरराज्यीय हो सकता है, जिसमें बड़े कारोबारी और ट्रांसपोर्टर शामिल हो सकते हैं।

-मेथनॉल तस्करी का भी मामला सामने आया

यह घटना उस वक्त सामने आई है जब पांच दिन पहले पटियाला पुलिस ने दिल्ली से पंजाब लाई जा रही एक ट्रक से 600 लीटर मेथनॉल जब्त किया था। जांच में पाया गया कि इसका इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जाना था।

इस गंभीर मामले को देखते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मेथनॉल की बिक्री और वितरण पर सख्त नियंत्रण की मांग की है। उन्होंने केंद्र से इंडस्ट्री एक्ट 1951 के तहत सख्त गाइडलाइन बनाने की अपील की है, ताकि जहरीली शराब की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

ये भी पढ़ें- जालंधर में आज लगेगा 6 घंटे का Power Cut, इन इलाकों में बंद रहेगी बिजली

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें