Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘संदेश जहां जाना था, वहां पहुंच गया’, शशि थरूर के साथ मंच शेयर कर बोले पीएम मोदी

May 2, 2025

‘संदेश जहां जाना था, वहां पहुंच गया’, शशि थरूर के साथ मंच शेयर कर बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में ‘विझिनजाम इंटरनेशनल डीपवाटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर, अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर भी मंच पर मौजूद थे। यह बंदरगाह करीब 8,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इसे भारत के सबसे आधुनिक और गहरे समुद्री बंदरगाहों में से एक माना जा रहा है।

आज का कार्यक्रम कई लोगों की नींद में खलल डालने वाला
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर हल्के-फुल्के अंदाज़ में तंज कसा। उन्होंने मंच पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की मौजूदगी का ज़िक्र करते हुए कहा, “आज का कार्यक्रम कई लोगों की नींद में खलल डालने वाला है।” हालांकि अनुवादक ने इस बात का पूरा अनुवाद मलयालम में नहीं किया, फिर भी पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “संदेश जहां जाना था, वहां पहुंच गया है।”

 


थरूर, केंद्र सरकार की कर चुके हैं तारीफ 
गौरतलब है कि शशि थरूर, जो तिरुवनंतपुरम से चार बार के सांसद हैं, हाल ही में केंद्र सरकार की कुछ बातों की तारीफ कर चुके हैं, जिसमें कश्मीर में आतंकी हमले के बाद सरकार की प्रतिक्रिया भी शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने पीएम मोदी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके तालमेल की भी सराहना की थी, जिस पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आपत्ति जताई थी। इस कार्यक्रम से एक दिन पहले शशि थरूर ने खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “दिल्ली एयरपोर्ट की देरी के बावजूद, मैं समय पर तिरुवनंतपुरम पहुंचा और प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।”

बंदरगाह नए युग के विकास का प्रतीक बनेगा: पीएम मोदी 
बंदरगाह के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “इस बंदरगाह की लोकेशन बेहद खास है। एक तरफ विशाल समुद्र है जो व्यापार और अवसरों से भरा हुआ है, दूसरी तरफ प्राकृतिक सुंदरता है। इन दोनों के बीच यह बंदरगाह नए युग के विकास का प्रतीक बनेगा।”

केरल के मुख्यमंत्री ने पीएम का किया धन्यवाद 
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी पीएम मोदी का इस ऐतिहासिक मौके पर राज्य में आने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “यह बंदरगाह न सिर्फ केरल बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हम इस प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए अडानी समूह को भी बधाई देते हैं।” यह बंदरगाह पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडलपर बनाया जा रहा है, जिसमें ‘डिज़ाइन, निर्माण, वित्त, संचालन और हस्तांतरण’ का तरीका अपनाया गया है। इसे अडानी विझिनजाम पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड बना रहा है, जिसने दिसंबर 2015 में निर्माण कार्य शुरू किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें