Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में लू के कारण स्कूल, कोचिंग संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश

May 30, 2024

बिहार में लू के कारण स्कूल, कोचिंग संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश

पटना। बिहार में भीषण गर्मी के बीच राज्य सरकार ने बुधवार को सभी निजी और सरकारी स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आठ जून तक बंद करने का आदेश दिया। मौसम कार्यालय ने कहा कि 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ औरंगाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा और यह तापमान बिहार का अब तक का सबसे अधिक तापमान। बुधवार को राज्य के कई स्थानों पर दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाने से राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्र ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आंगनबाड़ी केंद्रों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करना सुनिश्चित करें। बिहार में अत्यधिक गर्मी की स्थिति के कारण कई छात्रों के बेहोश होने के संबंध में आयी खबरों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया।


राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के मद्देनजर मेहरोत्र ने भीषण गर्मी, लू से निपटने के खातिर संबंधित विभागों की तैयारी का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। चिलचिलाती गर्मी के कारण शेखपुरा, बेगुसराय, पूर्वी चंपारण और अन्य क्षेत्रों से छात्रों के बेहोश होने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सरकार से स्कूली बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए तत्काल निवारक उपाय करने का आग्रह किया।


इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जताया है कि राज्य में अगले तीन या चार दिनों तक लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी। बुधवार को जिन स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया उनमें औरंगाबाद (48.2 डिग्री सेल्सियस), गया (47.4 डिग्री सेल्सियस), नवादा (47.3 डिग्री सेल्सियस), अरवल (47.1 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (46.8 डिग्री सेल्सियस), भोजपुर (46.6 डिग्री सेल्सियस), शेखपुरा (46.2 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें