नेशनल डेस्क: हरियाणा पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने नूंह जिले में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में नूंह के तावडू उपमंडल के गांव कांगरका निवासी मोहम्मद तारीफ पुत्र हनीफ को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी राजाका गांव से अरमान नामक व्यक्ति की गिरफ्तारी के दो दिन बाद हुई है, जिसे भी जासूसी के आरोप में पकड़ा गया था।
व्हाट्सएप चैट से बड़ा खुलासा
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद तारीफ पर आरोप है कि वह व्हाट्सएप के जरिए भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय और संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था। वह यह सूचनाएं दिल्ली में स्थित पाकिस्तान उच्चायोग (एंबेसी) में काम करने वाले पाकिस्तानी कर्मचारियों आसिफ बलोच और जाफर को भेजता था।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में नूंह पुलिस ने तारीफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि तारीफ लंबे समय से पाकिस्तान को सेना से जुड़ी जानकारी भेज रहा था और लोगों से वीजा लगवाने के बहाने संपर्क करता था।
मोबाइल से चैट डिलीट करने की कोशिश
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और जांच एजेंसियों की संयुक्त टीम ने रविवार शाम को गांव बावला, राधा स्वामी सत्संग के पास से तारीफ को हिरासत में लिया। पुलिस को देखते ही तारीफ ने अपने मोबाइल से कुछ चैट्स को डिलीट करने की कोशिश की, लेकिन टीम ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
मोबाइल से मिले सबूत
जब पुलिस ने तारीफ का मोबाइल फोन जांचा, तो उसमें पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबरों से की गई चैटिंग, फोटो, वीडियो और सेना की गतिविधियों की तस्वीरें मिलीं। वह दो अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क में रहता था। कई डेटा और चैट पहले से ही डिलीट किए जा चुके थे, लेकिन तकनीकी जांच में कुछ अहम जानकारी सामने आई।
पैसे लेकर देता था गुप्त सूचनाएं
पूछताछ में सामने आया कि तारीफ, पाकिस्तान उच्चायोग के कर्मचारी आसिफ बलोच को भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी भेजता था और इसके बदले पैसे लेता था। जब आसिफ का तबादला हुआ, तो तारीफ ने जाफर नाम के दूसरे कर्मचारी से भी संपर्क साधा और उसे भी खुफिया जानकारी दी। इस तरह तारीफ ने देश की सुरक्षा, अखंडता और एकता के लिए बड़ा खतरा पैदा किया। फिलहाल इस मामले में नूंह के तावडू सदर थाने में तारीफ, आसिफ बलोच और जाफर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...