नेशनल डेस्क: भारत से बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तानी हैकर्स लगातार डिफेंस वेबसाइटों पर साइबर अटैक कर रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में पाकिस्तान से जुड़े हैकर्स ने भारत की कई रक्षा वेबसाइटों को निशाना बनाया है। सूत्रों के अनुसार, इन हमलों के बाद भारत सरकार ने अपनी साइबर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए कई जरूरी कदम उठाए हैं। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ लगातार इंटरनेट पर नजर रख रहे हैं ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी साइबर हमले का समय पर पता लगाया जा सके, खासकर उन हमलों का जो पाकिस्तान समर्थित ग्रुप्स द्वारा किए जा सकते हैं।
संवेदनशील जानकारी चुराई: हैकर्स का दावा
जानकारी के मुताबिक, “पाकिस्तान साइबर फोर्स” नाम के एक ट्विटर अकाउंट से यह दावा किया गया है कि उन्होंने भारतीय सैन्य इंजीनियरिंग सेवा (MES) और मनोहर पर्रिकर रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान से संवेदनशील जानकारी चुराई है। यह भी कहा गया है कि हैकर्स ने भारतीय रक्षा कर्मियों की निजी जानकारी और लॉगिन आईडी-पासवर्ड तक पहुंच बना ली है, जिससे सुरक्षा को बड़ा खतरा हो सकता है। इसके अलावा, उन्होंने रक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली पीएसयू कंपनी आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड (AVNL) की वेबसाइट को भी हैक करने की कोशिश की। वेबसाइट पर पाकिस्तानी झंडा और अल खालिद टैंक की तस्वीरें डालकर उसे बिगाड़ने की कोशिश की गई।
AVNL की वेबसाइट को ऑफलाइन किया
इस हमले के बाद, एहतियात के तौर पर AVNL की वेबसाइट को ऑफलाइन कर दिया गया है और पूरी जांच की जा रही है ताकि यह देखा जा सके कि क्या कोई नुकसान हुआ है और भविष्य में ऐसा दोबारा न हो। सरकार और साइबर एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी नए हमले को समय रहते रोका जा सके।यह घटनाएं उस समय सामने आई हैं जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। भारत सरकार ने कहा है कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...