Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल का भाजपा पर निशाना, डबल इंजन सरकार मतलब बेरोजगारों पर डबल मार!

February 18, 2024

राहुल का भाजपा पर निशाना, डबल इंजन सरकार मतलब बेरोजगारों पर डबल मार!

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को निशाना साधा और कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार का मतलब बेरोजगारों पर दोहरी मार है। राहुल ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि आज बेरोजगारी की बीमारी से उत्तर प्रदेश का हर तीसरा युवा ग्रसित है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, जहां डेढ़ लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं, वहां न्यूनतम योग्यता वाले पदों के लिए भी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी धारक लाइन लगा कर खड़े हैं। उन्होंने कहा, डबल इंजन सरकार का मतलब बेरोजगारों पर डबल मार है।

राहुल ने कहा, पहले तो भर्ती निकलना एक सपना है, भर्ती निकले तो पेपर लीक, पेपर हुआ तो नतीजे का पता नहीं और लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट आने पर भी अक्सर भर्ती के लिये अदालत का चक्कर। उन्होंने कहा कि सेना से लेकर रेलवे और शिक्षा से लेकर पुलिस तक की भर्तियों का सालों-साल इंतजार कर लाखों छात्र ओवरएज (अर्हता उम्र पार) हो चुके हैं। राहुल ने कहा कि निराशा के इस चक्रव्यूह में फंसा छात्र अवसाद का शिकार होकर टूट रहा है। उन्होंने दावा किया, और इन सब से व्यथित होकर जब वह अपनी मांगें लेकर सड़क पर निकले तो मिलती हैं उसे पुलिस की लाठियां।

राहुल ने कहा कि एक छात्र के लिए नौकरी सिर्फ आय का साधन नहीं, बल्कि अपने परिवार का जीवन बदल देने का सपना है और इस सपने के टूटने के साथ पूरे परिवार की आस टूट जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा, कांग्रेस की नीतियां युवाओं के सपनों के साथ न्याय करेंगी, हम उनकी तपस्या व्यर्थ नहीं जाने देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें