Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar Assembly Elections 2025: महुआ से चुनाव लड़ेंगे तेज प्रताप यादव, 13 अक्टूबर को करेंगे उम्मीदवारों का ऐलान

October 11, 2025

Bihar Assembly Elections 2025: महुआ से चुनाव लड़ेंगे तेज प्रताप यादव, 13 अक्टूबर को करेंगे उम्मीदवारों का ऐलान

नेशनल डेस्क: जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक और आरजेडी के पूर्व नेता तेज प्रताप यादव ने शनिवार को बताया कि उनकी पार्टी 13 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। उन्होंने साफ कहा कि वे खुद महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। यह वही सीट है जहाँ से उन्होंने 2015 में आरजेडी के टिकट पर जीत हासिल की थी।

मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा: तेज प्रताप

तेज प्रताप ने कहा, “मैं परसों अपने उम्मीदवारों की घोषणा करूंगा। परसों बड़े ऐलान होंगे… मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अन्य राजनीतिक दलों से बातचीत कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि “सभी लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं।”

पार्टी और परिवार से बाहर 

तेज प्रताप यादव, जो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं, पिछले कुछ सालों में अपने निजी जीवन को लेकर विवादों में रहे हैं। उन्होंने एक महिला के साथ अपने लंबे संबंध का खुलासा किया था, जिसके कारण उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा था कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था।

तेज प्रताप यादव ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की थी, लेकिन कुछ महीनों बाद ऐश्वर्या ने आरोप लगाया कि उन्हें उनके पति और ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। इस जोड़े का तलाक अभी पारिवारिक अदालत में लंबित है। राजद से निष्कासित होने के बाद तेज प्रताप ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) बनाई है। महुआ सीट फिलहाल राजद के नेता मुकेश कुमार रौशन के पास है।

दो चरणों में होंगे मतदान, 14 नंबवर को नतीजे 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी। इस बार का चुनाव मुख्य रूप से एनडीए (जिसमें भाजपा और जेडी(यू) शामिल हैं) और इंडिया ब्लॉक (आरजेडी के तेजस्वी यादव के नेतृत्व में) के बीच होगा। इंडिया ब्लॉक का लक्ष्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाना है। साथ ही, जेजेडी के अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है, जिससे चुनाव में नए खिलाड़ी सामने आ गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें