Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

कपूरथला में लुटेरों का आतंक: बंदूक की नोक पर मां-बेटी से छीनी कार, जांच में जुटी पुलिस

May 18, 2025

कपूरथला में लुटेरों का आतंक: बंदूक की नोक पर मां-बेटी से छीनी कार, जांच में जुटी पुलिस

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला जिले के बेगोवाल कस्बे में एक चौंकाने वाली लूट की वारदात सामने आई है, जहां दो अज्ञात लुटेरों ने एक महिला और उसकी बेटी से बंदूक की नोक पर कार छीन ली। यह घटना 15 मई की रात करीब 8 बजे उस समय हुई जब मां-बेटी सब्जी खरीदने के लिए रुकी थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुपिंदर कौर अपनी बेटी कमलप्रीत कौर के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर बेगोवाल के सतगुरु राखा चौक पर रुकी थीं। तभी दो युवक अचानक वहां पहुंचे। उनमें से एक ने कमलप्रीत की ओर रुख किया और बंदूक दिखाकर कार की खिड़की खुलवाई। दूसरे ने रुपिंदर कौर को निशाना बनाया।

दोनों ने पिस्तौल तान कर मां-बेटी को कार से बाहर निकलने को मजबूर किया। मां-बेटी के पास मौजूद पर्स और मोबाइल तो उनके पास रह गए, लेकिन कार में रखी घर की चाबियां और अन्य जरूरी सामान लुटेरे साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गए।

-लूट की कड़ी जारी, गुरदासपुर में भी मचाया तांडव

घटना यहीं नहीं रुकी। कार छीनने के बाद लुटेरों ने गुरदासपुर जिले के घुमान इलाके में भी एक और लूट को अंजाम दिया, जहां उन्होंने 50 हजार रुपये नकद लूटे।

डीएसपी भुल्लथ करनैल सिंह ने पुष्टि की कि बेगोवाल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से लुटेरों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

-सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही ऐसी घटनाएं न केवल आम जनता में दहशत फैला रही हैं, बल्कि पुलिस की गश्त और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रही हैं। रात के समय बाजार क्षेत्र में हुई इस लूट से यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों में कानून का खौफ कम होता जा रहा है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी ने उक्त कार या संदिग्ध व्यक्तियों को कहीं देखा हो, तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।

ये भी पढ़ें- जालंधर में आज लगेगा 6 घंटे का Power Cut, इन इलाकों में बंद रहेगी बिजली

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें