Site icon Dainik Savera Times

माता के भक्तों के लिये बड़ी खबर, भारी बारिश और बर्फबारी के चलते कटरा में ही रोकी गई यात्रा

Mata Vaishno Devi

Mata Vaishno Devi

Vaishno Devi Yatra News: माता के भक्तों के लिये बड़ी खबर सामने आई है। जहां, जम्मू कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इस बीच कटरा में माता वैष्णो देवी की यात्रा को सुरक्षा के मद्देनजर रोका गया है। खराब मौसम के चलते कटरा में ही श्रद्धालुओं को रुकने को कहा गया है और अगले आदेश तक कोई भी यात्री कटरा से मंदिर परिसर तक रवाना नहीं होगा। भारी बारिश और बर्फबारी के कारण कई जगहों पर हालात कठिन हो गए हैं। खासतौर पर कटरा में माता वैष्णो देवी की यात्रा को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया है।

कटरा में श्रद्धालुओं को रोकने का आदेश
खराब मौसम के चलते प्रशासन ने कटरा में ही श्रद्धालुओं को रुकने का आदेश दिया है। वर्तमान में कोई भी यात्री कटरा से मंदिर परिसर तक नहीं जा सकेगा, जब तक आगे कोई नया आदेश नहीं आता।

ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी जारी
जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई है। इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात बाधित हो गया है। त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण प्रशासन को यात्रा स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा। जम्मू शहर और आसपास के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश हुई है। इन इलाकों में पिछले दो महीने से बारिश नहीं हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार देर शाम से बर्फबारी शुरू हुई। जम्मू शहर और मैदानी इलाकों में रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही।

भारी बर्फबारी से स्कूल बंद
जम्मू-कश्मीर के ऊपरी जिलों में बर्फ जमने से हालात कठिन हैं। रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी, रियासी, उधमपुर और कठुआ के ऊपरी इलाके भी बर्फबारी से प्रभावित हैं। इन इलाकों में बर्फ की मोटाई 5 इंच से लेकर 1 फुट तक है। इसी वजह से पहाड़ी जिलों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था हुई ठप
कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी की वजह से बंद हो गया। बनिहाल-काजीगुंड खंड में नवयुग सुरंग और आसपास बर्फ जमने से राजमार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात रोक दिया गया। इसके अलावा मुगल रोड, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल और सिंथन रोड भी बर्फ जमने के कारण बंद हैं।

Exit mobile version