Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में Apple Pay की हुई एंट्री, बिना पिन और OTP के होगी पेमेंट, जानें दूसरे ऐप से कैसे है अलग

September 30, 2026

भारत में Apple Pay की हुई एंट्री, बिना पिन और OTP के होगी पेमेंट, जानें दूसरे ऐप से कैसे है अलग

Apple Pay: टेक कंपनी एप्पल ने बुधवार को भारत में ‘एप्पल पे’ लॉन्च कर दिया है। अब भारत के यूजर्स आईफोन, आईपैड और एप्पल वॉच पर ‘एप्पल पे’ का इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी ने बताया कि जल्द ही मैक पर भी इसका सपोर्ट आएगा।

कंपनी के बयान के मुताबिक, जिन ग्राहकों के पास एक्सिस बैंक के वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड हैं, वे अपने कार्ड को ‘एप्पल पे’ में ऐड करके भारत में हजारों दुकानों पर पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा जहां भी एनएफसी ट्रांजेक्शन होता है, वहां भी इसका इस्तेमाल हो सकेगा।

पिन टाइप करने या ओटीपी डालने की नहीं होगी जरूरत
एप्पल की वाइस प्रेसिडेंट, जेनिफर बेली ने कहा, “भारत एक गतिशील और डिजिटली समझदार आबादी वाला देश है जो लगातार कैशलेस भविष्य को अपना रहा है और साथ ही सुरक्षा तथा प्राइवेसी के सबसे ऊंचे मानकों की उम्मीद करता है। हम आज भारत में एप्पल पे लाकर बहुत उत्साहित हैं।”

ये भी पढ़ें- दिल्ली दंगा साजिश मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका हाईकोर्ट ने की खारिज

 

इस लॉन्च के साथ एप्पल ग्राहकों को दुकानों, ऐप्स और वेबसाइटों पर छोटे-बड़े सभी रिटेलर्स के पास पेमेंट का एक आसान, सुरक्षित और प्राइवेट तरीका मिलेगा। चेकआउट के समय पिन टाइप करने या ओटीपी डालने की जरूरत नहीं होगी।

पेमेंट होगी आसान और सुरक्षित
जेनिफर बेली ने कहा कि ‘एप्पल पे’ से रोजमर्रा के कार्ड पेमेंट आसान, सुरक्षित और प्राइवेट हो जाते हैं। चाहे दुकान में बिना किसी एक्स्ट्रा ऐप, पिन या ओटीपी के सिर्फ टैप करके पेमेंट करना हो, या ऑनलाइन बार-बार पेमेंट जानकारी डाले बिना चेकआउट करना हो।

जब ग्राहक ‘एप्पल पे’ के साथ कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो असली कार्ड नंबर डिवाइस या एप्पल के सर्वर पर स्टोर नहीं होता, न ही इसे एप्पल मर्चेंट के साथ शेयर करता है।

इसके बजाय एक यूनिक डिवाइस अकाउंट नंबर बनाया जाता है, जिसे एन्क्रिप्ट करके सिक्योर एलिमेंट में सुरक्षित रखा जाता है। यह एक इंडस्ट्री-स्टैंडर्ड सर्टिफाइड चिप है जिसे डिवाइस पर पेमेंट जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए डिजाइन किया गया है।

आईफोन खो जाए तो भी नहीं होगी परेशानी
एप्पल ने कहा कि वह ट्रांजेक्शन की ऐसी जानकारी नहीं रखता जिसे यूजर से जोड़ा जा सके। उनका लेन-देन यूजर, मर्चेंट और उनके बैंक या कार्ड जारी करने वाले के बीच ही रहता है। अगर आईफोन खो जाए या चोरी हो जाए तो यूजर फाइन्ड माई ऐप से तुरंत उसे ढूंढ सकता है, लॉक कर सकता है या उस डिवाइस से पेमेंट को सस्पेंड कर सकता है।

ये भी पढ़ें- आरोप तय करने पर 14 अक्टूबर को फिर होगी सुनवाई, जज विशाल गोगने ने रिजर्व किया था ऑर्डर

ऐसे ऐड करें कार्ड
ग्राहक एक्सिस बेंक ऐप के लेटेस्ट वर्जन से सीधे एप्पल वैलेट में कार्ड ऐड कर सकते हैं। दूसरा तरीका यह है आईफोन पर वैलेट ऐप खोलें, प्लस के निशान पर टैप करें और बताए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना कार्ड जोड़ें। एक बार कार्ड एप्पल डिवाइस में ऐड हो जाने के बाद यूजर तुरंत ‘एप्पल पे’ का इस्तेमाल शुरू कर सकता है।

कार्ड ग्राहकों को ज्यादा विकल्प
एक्सिस बैंक के एमडी और सीईओ अमिताभ चौधरी ने कहा कि ‘एप्पल पे’ की शुरुआत इस लक्ष्य को आगे बढ़ाती है और मास्टरकार्ड और वीजा नेटवर्क पर हमारे क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और लचीलापन देती है।

कॉन्टैक्टलेस कॉमर्स के नए दौर की शुरुआत
मास्टरकार्ड के प्रेसिडेंट, इंडिया और साउथ एशिया, गौतम अग्रवाल ने कहा, “जैसे-जैसे भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और ग्राहक आसान तथा सुरक्षित पेमेंट चाहते हैं, एक्सिस बैंक के मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए ‘एप्पल पे’ की शुरुआत कॉन्टैक्टलेस कॉमर्स के एक नए दौर की शुरुआत है, जिससे हर ट्रांजेक्शन पर भारतीय ग्राहकों को ज्यादा भरोसा और सुकून मिलेगा।”

डिजिटल पेमेंट यात्रा में अहम पड़ाव
वीजा के ग्रुप कंट्री मैनेजर, इंडिया और साउथ एशिया, सुरेश सेठी ने कहा कि भारत में ‘एप्पल पे’ का लॉन्च देश की डिजिटल पेमेंट यात्रा में एक अहम पड़ाव है।

कार्ड पर मिलते रहेंगे फायदे
‘एप्पल पे’ का इस्तेमाल करने पर भी यूजर्स को उनके कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड्स और फायदे मिलते रहेंगे। लॉन्च के समय ‘एप्पल पे’ भारत में लाखों मर्चेंट्स पर स्वीकार किया जाएगा, जिसमें एप्पल स्टोर भी शामिल हैं।

बता दें कि ‘एप्पल पे’ 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है और दुनिया भर में 11,000 से ज्यादा बैंक और नेटवर्क पार्टनर्स के साथ काम करता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें