Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

तूफानी तेजी में निवेशकों ने कमाये 4.29 लाख करोड़ से अधिक

March 1, 2024

तूफानी तेजी में निवेशकों ने कमाये 4.29 लाख करोड़ से अधिक

मुंबई: चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था के अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही देश में सेमीकंडक्टर के विनिर्माण के लिए 1.26 लाख करोड़ रुपये निवेश वाली तीन इकाइयों को मंजूरी मिलने और वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों के बल पर हुयी लिवाली से शेयर बाजार में आज तूफानी तेजी रही जिससे बीएसई 74 हजार अंक की ओर लपक गया। इस दौरान आयी तेजी से निवेशकों को 4.29 लाख करोड़ रुपये से अधिक कमाई हुयी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1245.05 अंकों की उछाल लेकर 74 हजार अंक की ओर लपकते हुये 73745.35 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 355.95 अंक की तेजी लेकर 22338.75 अंक पर पहुंच गया। दिग्गज कंपनियों की तुलना में छोटी और मझौली कंपनियों में लिवाली कुछ सुस्त रही जिससे बीएसई का मिडकैप 0.89 प्रतिशत बढ़कर 39696.49 अंक पर और स्मॉलकैप 0.68 प्रतिशत उठकर 45532.46 अंक पर रहा। आज की तेजी से बीएसई का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 39225029.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो पिछले दिवस के 38795690.23 करोड़ रुपये की तुलना में 429339.75 करोड़ रुपये अधिक है। इस तरह से निवेशकों ने 4.29 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।


चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) व़ृद्धि दर 8.4 प्रतिशत रहा है जिससे चालू वित्त वर्ष में जीएसटी के अब 7.6 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान जताया गया है जबकि पहले अग्रिम अनुमान में इसके 7.3 प्रतिशत रहने की बात कही गयी थी। आर्थिक गतिविधियों में आयी इस तेजी के साथ ही सरकार ने कल देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को गति देते हुये 1.26 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन इकाइयों के निर्माण को मंजूरी दी। इससे दुनिया भर के निवेशकों को आकर्षण भारत की ओर बढ़ा है।

ये भी पढ़ें: 15 से 20 मई तक यूरोप दौरे पर रहेंगे PM मोदी, आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को मजूबत करना उद्देश्य

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें