विज्ञापन

भारत की GDP 10 साल में हुई दोगुनी, कुछ सालों में जापान और जर्मनी से होगी आगे

अर्थव्यवस्था की तीव्र वृद्धि के कारण, भारत की जीडीपी 2025 में जापान और 2027 में जर्मनी से अधिक हो जाएगी।

- विज्ञापन -

नई दिल्ली: भारत की जीडीपी पिछले 10 वर्षों में दोगुनी हो गई है। अनुमान है कि देश की अर्थव्यवस्था 2015 में 2.1 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 2025 में 4.3 ट्रिलियन डॉलर हो जायेगी। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

अर्थव्यवस्था की तीव्र वृद्धि के कारण, भारत की जीडीपी 2025 में जापान और 2027 में जर्मनी से अधिक हो जाएगी। आईएमएफ के आंकड़ों से पता चला है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है और इसका कारण नीतिगत सुधार और मजबूत आर्थिक विकास है।

भाजपा नेता अमित मालवीय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई एक पोस्ट में कहा गया है कि विकास की यह गति भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करती है, जो 2025 तक जापान और 2027 तक जर्मनी को पीछे छोड़ देगा।

मालवीय ने आगे कहा कि यह असाधारण उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार के अथक प्रयासों का प्रमाण है। सक्रिय आर्थिक नीतियों, साहसिक संरचनात्मक सुधारों और व्यापार में आसानी पर निरंतर ध्यान देने के माध्यम से मोदी सरकार ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना दिया है।

इसमें यह भी कहा गया है कि यह एक ऐसी उपलब्धि है जो आजादी के बाद से किसी भी पिछली सरकार ने हासिल नहीं की थी। इस महीने की शुरुआत में भारत की विवेकपूर्ण नीतियों की प्रशंसा करते हुए आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड ने कहा था कि देश का मजबूत आर्थिक प्रदर्शन उसे 2047 तक विकसित अर्थव्यवस्था बनने के लिए महत्वपूर्ण सुधार अपनाने में मदद कर सकता है।

आईएमएफ कार्यकारी बोर्ड ने कहा कि देश में उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियां और निवेश सृजित करने के लिए संरचनात्मक सुधार महत्वपूर्ण हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि भारत को श्रम बाजार सुधारों को लागू करने और श्रम बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

Latest News