मथुरा: जिले के कोसीकलां इलाके में एक दुखद सड़क हादसे में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत हो गई। अब इस मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। पुलिस ने बताया है कि इस हादसे में घायल ट्रक चालक की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। यह घटना शुक्रवार रात की है। उस समय इलाके में घना कोहरा था, जिससे सड़क पर साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हत्या को बताया साधारण सड़क दुर्घटना
पुलिस ने साफ कहा है कि यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना थी। बाबा के साथी की शिकायत पर एक्सीडेंट से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
हादसे के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया और मौके पर अफवाह फैलानी शुरू कर दी। उन्होंने इसे हत्या या गौतस्करी से जुड़ा मामला बताने की कोशिश की। इन अफवाहों के कारण लोग भड़क गए और भीड़ उग्र हो गई।
हाईवे जाम और पुलिस पर पथराव
गुस्साई भीड़ ने नेशनल हाईवे (NH) को जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव भी किया। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने जिले में सेक्टर स्कीम लागू कर दी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
13 लोग गिरफ्तार, दक्ष चौधरी भी शामिल
मथुरा पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दक्ष चौधरी नाम का युवक भी शामिल है, जो मथुरा का रहने वाला नहीं है। वह अपने तीन साथियों के साथ बाबा के आश्रम पहुंचा था और अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
CCTV और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बाकी उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना सही जानकारी के सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट न करें। पुलिस की डिजिटल टीम हर गतिविधि पर नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...