Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar के मुंगेर में पुलिस की टीम पर एक बार फिर हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल

March 18, 2025

Bihar के मुंगेर में पुलिस की टीम पर एक बार फिर हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल

मुंगेर : बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम पर ग्रामीणों ने एक बार फिर पथराव और हमला किया जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में 28 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और सोमवार रात को ही उनमें से 24 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि बाकी अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार सोमवार को खड़गपुर थाने को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि फसियाबाद के ग्रामीणों द्वारा दो लोगों को बंधक बना कर उनके साथ मारपीट की जा रही है।

बंधक बनाए गए व्यक्तियों से मारपीट

प्राप्त सूचना के आधार पर खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस की एक विशेष टीम जब फसियाबाद स्थित सामुदायिक भवन के पास पहुंची तो देखा कि बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं सामुदायिक भवन के बाहर हैं। सामुदायिक भवन को बाहर से ताला लगाकर अंदर कुछ लोग बंधक बनाये गये दोनों व्यक्तियों के साथ मारपीट कर रहे हैं।

बयान के अनुसार पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए बंधक बनाये गये दोनों व्यक्तियों को अपनी हिरासत में ले लिया और उनसे बारी-बारी से पूछताछ की। बंधक बनाये गये दोनों लोगों की पहचान विक्की कुमार और संजेश कुमार के रूप में की गयी। सामुदायिक भवन के पास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि फसियाबाद गांव का गोविन्द कुमार अपने छोटे भाई अंकुश कुमार को शौच कराने बाहर लेकर जा रहा था, तभी सामुदायिक भवन के पास हथियार लिए मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने गोविन्द का मोबाइल छीन लिया और उनके साथ मारपीट की। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विक्की कुमार और संजेश कुमार को बंधक बना लिया।

भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं

बयान के मुताबिक पुलिस पदाधिकारी ने उग्र भीड़ को समझाने का काफी प्रयास किया कि बंधक बनाये गये दोनों व्यक्ति को छोड़ दिया जाए, लेकिन वहां मौजूद लोगों की भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। काफी प्रयास के बाद बंधक बनाये गये विक्की और संजेश को पुलिसकर्मियों द्वारा जब थाने ले जाया जाने लगा तो उग्र भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने हंगामा किया और पत्थरबाजी करते हुए पुलिस की टीम पर हमला कर दिया।

इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिये खड़गपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि 14 मार्च की रात्रि में मुंगेर जिले में दो पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने गए एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) संतोष कुमार सिंह पर एक पक्ष द्वारा किए गए हमले के बाद उनकी मौत हो गई थी। कैमूर जिले के निवासी एएसआई सह भी आपातकालीन सेवा डायल- 112 से जुड़े थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें