Site icon Dainik Savera Times

आज 4 घंटे के लिए बंद रहेगा श्री ‘जगन्नाथ मंदिर’, किया जाएगा ये विशेष अनुष्ठान

Shri Jagannath Temple

Shri Jagannath Temple

Shri Jagannath Temple: पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में बुधवार शाम आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था कुछ समय के लिए स्थगित रहेगी। मंदिर प्रशासन ने बताया है कि ‘बनकलागी नीति’ अनुष्ठान के कारण करीब चार घंटे तक मंदिर के कपाट बंद रखे जाएंगे।

शाम 6 से 10 बजे तक बंद रहेंगे द्वार
प्रशासन के अनुसार फाल्गुन कृष्ण पक्ष दशमी तिथि पर यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। दूसरे भोगमंडप भोग के बाद शाम लगभग 6 बजे से रात 10 बजे तक मंदिर के सभी प्रवेश द्वार आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान केवल निर्धारित सेवायत ही मंदिर के भीतर उपस्थित रहेंगे।

ये भी पढ़ें- आंधी और बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, इस दिन से होगी झमाझम बरसात

अत्यंत गोपनीय और पवित्र अनुष्ठान
‘बनकलागी नीति’ मंदिर की प्राचीन परंपराओं में से एक महत्वपूर्ण और गोपनीय अनुष्ठान है। इसे रत्न बेदी पर केवल दत्त महापात्र सेवायतों द्वारा विधिपूर्वक संपन्न किया जाता है। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, देवी सुभद्रा और सुदर्शन के श्रीमुख का विशेष श्रृंगार किया जाता है।

श्रृंगार के लिए प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक सामग्रियों का उपयोग होता है। लाल, पीले, सफेद और काले रंगों से साज-सज्जा की जाती है। साथ ही केसर, कपूर और कस्तूरी का मिश्रण देव विग्रहों के मुखमंडल पर लगाया जाता है। अनुष्ठान की पवित्रता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस अवधि में किसी भी श्रद्धालु को दर्शन की अनुमति नहीं दी जाती।

ये भी पढ़ें- कनाडा में चली ताबड़तोड़ गोलियां, 10 की मौत 24 घायल

 

अनुष्ठान के बाद सामान्य होंगे दर्शन
बनकलागी नीति पूर्ण होने के उपरांत देव विग्रहों का विशेष स्नान कराया जाएगा। इसके बाद मंदिर के द्वार पुनः खोल दिए जाएंगे और दर्शन की व्यवस्था सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।

महीने में दो बार होता है आयोजन
परंपरा के अनुसार यह अनुष्ठान प्रायः महीने में दो बार और बुधवार के दिन ही आयोजित किया जाता है। इस दौरान मंदिर परिसर में सख्त नियम लागू रहते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी समय-सारणी के अनुसार बनाएं और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि अनुष्ठान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Exit mobile version