Canada firing: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दोपहर में स्कूल में मची अफरा-तफरी
एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को स्कूल में एक्टिव शूटर की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल स्कूल परिसर में प्रवेश कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती कार्रवाई के दौरान कई पीड़ितों को स्कूल के अंदर पाया गया।
RCMP के स्टाफ सर्जेंट क्रिस क्लार्क ने एक अन्य चैनल को टेक्स्ट मैसेज के जरिए घटना की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, स्कूल के अंदर छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान से मैच से पहले स्टार ओपनर ‘अभिषेक शर्मा’ अस्पताल में भर्ती, टीम इंडिया की बढ़ी मुश्किलें
संदिग्ध हमलावर भी मृत
पुलिस ने बताया कि स्कूल परिसर के भीतर ही एक संदिग्ध हमलावर भी मृत अवस्था में मिला है। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत आत्मघाती चोट के कारण होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, घटना से जुड़े एक आवासीय घर में दो अन्य लोगों के शव भी बरामद किए गए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।
गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस से भेजा गया
घटना में घायल हुए लोगों में से दो की हालत बेहद नाजुक थी, जिन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बड़े अस्पतालों में भेजा गया। बाकी सभी घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि स्कूल के सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
ये भी पढ़ें- आंधी और बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, इस दिन से होगी झमाझम बरसात
हालात अब नियंत्रण में
पुलिस और स्कूल जिला प्रशासन मिलकर परिवारों को उनके बच्चों और परिजनों से मिलवाने की प्रक्रिया चला रहे हैं। शाम करीब 5:45 बजे के बाद इलाके में जारी आपातकालीन अलर्ट को हटा लिया गया। RCMP का कहना है कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध या आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है।
यह घटना उत्तर-पूर्वी ब्रिटिश कोलंबिया के छोटे से शहर टंबलर रिज में हुई, जहां इस गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।