Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार पकड़े जा रहे नशा लोडेड ड्रोन; फिरोजपुर में BSF ने किसान की निशानदेही पर पकड़ी 530 ग्राम हेरोइन

June 25, 2024

पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार पकड़े जा रहे नशा लोडेड ड्रोन;  फिरोजपुर में BSF  ने किसान की निशानदेही पर पकड़ी 530 ग्राम हेरोइन

फिरोजपुर: जैसे-जैसे पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाई है और नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है वैसे-वैसे ही पड़ोसी देश पाकिस्तान ने ड्रोन के माध्यम से हथियारों और नशे की खेप को भी बढ़ा दिया है।

पिछले आठ-दस दिनों से लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों में जहां पर चाइनीज ड्रोन पकड़े जा रहे हैं वहीं पर हथियारों के साथ-साथ हेरोइन की खेपें भी पकड़ी जा रही हैं। अमृतसर के सीमावर्ती गांव चकलावाला के बाद अब फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव लक्खा सिंह वाला से हेरोइन से लदा चीनी ड्रोन पकड़ा है। इस पर 530 ग्राम हेरोइन लोडेड थी।

फिरोजपुर के गांव लक्खा सिंह वाला में खेत से बरामद ड्रोन और हेरोइन की खेप

किसान ने दी ड्रोन की बीएसएफ को सूचना

सीमावर्ती गांव लक्खा सिंह वाला में किसान ने अपने खेतों पर एक ड्रोन को उड़ते हुए देखा। उसने तुरंत तुरंत बीएसएफ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान सुबह करीब 09:00 बजे जवानों ने संदिग्ध हेरोइन के 01 पैकेट (कुल वजन- 530 ग्राम) के साथ 01 ड्रोन को सफलतापूर्वक बरामद किया।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थ पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लिपटे हुए थे और पैकेट के साथ 02 रोशनी देने वाली छड़ें भी मिली थीं, जिन्हें धातु के तार से ड्रोन से बांधा गया था। यह बरामदगी फिरोजपुर जिले के लाखा सिंह वाला गांव से सटे एक खेत में हुई। बरामद ड्रोन चाइना मेड डीजेआई माविक-3 क्लासिक है।

अधिकारियों ने कहा एक सतर्क ग्रामीण द्वारा बीएसएफ को समय पर दी गई सूचना और जवानों द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप सीमा पार से लॉन्च किए गए नार्को-ड्रोन की यह महत्वपूर्ण बरामदगी हुई है।

पिछले कल अमृतसर के गांव चकलावाला में बीएसएफ द्वारा पकड़ा गया ड्रोन और हेरोइन

सीमावर्ती गांवों से नियमित रूप से पकड़े जा रहे ड्रोन

कल, बीएसएफ की सतर्क टीम ने अमृतसर के सीमावर्ती गांव चकलाबख्श में एक ड्रोन को मार गिराया और 420 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इससे पहले, शनिवार को भी बीएसएफ ने पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक पिस्तौल के साथ इसी तरह का चीन निर्मित ड्रोन बरामद किया था।

बीएसएफ ने एक बयान में कहा, “विशिष्ट खुफिया इनपुट के आधार पर, बीएसएफ सैनिकों ने एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके कारण फिरोजपुर जिले के लाखा सिंह वाला गांव से एक पाकिस्तानी ड्रोन और एक पिस्तौल बरामद हुई। बरामद ड्रोन एक डीजेआई माविक 3 क्लासिक है, और पिस्तौल पीले चिपकने वाले टेप से लिपटी हुई थी और ड्रोन से जुड़ी हुई थी।

अमृतसर के गांव चकलावाला में पकड़ा गया हेरोइन लोडेड ड्रोन

22 जून को एक अन्य ऑपरेशन में, बीएसएफ ने फाजिल्का क्षेत्र में एक और ड्रोन बरामद किया था। बीएसएफ के अनुसार 22 जून 2024 को सुबह के समय, जिला फाजिल्का के सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों के साथ एक ड्रोन की मौजूदगी के बारे में बीएसएफ खुफिया विंग को सूचना मिली थी। जिस के आधार पर, पंजाब पुलिस के सहयोग से बीएसएफ सैनिकों ने संदिग्ध क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, सुबह लगभग 07:35 बजे, फाजिल्का के गाँव – गहलेवाला के एक खेत से संदिग्ध हेरोइन (कुल वजन- 520 ग्राम) के 01 पैकेट के साथ 01 ड्रोन को सफलतापूर्वक बरामद किया।

नशीले पदार्थ लाल रंग के चिपकने वाले टेप में लिपटे हुए थे और एक धातु की अंगूठी भी इसके साथ लगी हुई थी, जिसमें एक रोशनी देने वाली छड़ी लगी हुई थी। बरामद ड्रोन चाइना मेड डीजेआई माविक-3 क्लासिक था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें