Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Entertainment News: मैडॉक फिल्म्स ने जारी किया ‘सिंदूर से’ गाना, Shraddha Kapoor की रोमांटिक केमिस्ट्री ने खींचा ध्यान

November 28, 2026

Entertainment News: मैडॉक फिल्म्स ने जारी किया ‘सिंदूर से’ गाना, Shraddha Kapoor की रोमांटिक केमिस्ट्री ने खींचा ध्यान

एंटरटेनमेंट डेस्क : मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईथा’ का नया गाना ‘सिंदूर से’ रिलीज़ कर दिया है। अब तक दर्शकों ने ईथा के दमदार अंदाज़, बड़े सपनों और बेमिसाल हुनर को देखा था, लेकिन इस नए गाने में उसकी जिंदगी का एक बेहद खूबसूरत और दिल के करीब वाला पहलू सामने आया है। जी हां, इस बार बात सिर्फ एक कलाकार की नहीं, बल्कि प्यार में डूबी उस महिला की है, जिसके दिल में भी कई अनकही कहानियां और जज़्बात छिपे हैं।

स्नेहा शंकर और अजय गोगावले की सुरीली आवाज़ में सजे इस गाने को अजय-अतुल ने कंपोज़ किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। ‘सिंदूर से’ में प्यार, एहसास और दिल की गहराइयों को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है। यह गाना ईथा के उस रूप से रूबरू कराता है, जो अब तक मंच की चकाचौंध और तालियों के शोर के पीछे कहीं छिपा हुआ था। यहां एक कलाकार नहीं, बल्कि एक ऐसी महिला नजर आती है, जो दिल से प्यार करती है और रिश्तों को पूरी शिद्दत से जीती है।

गाने को लेकर अजय-अतुल ने कहा, “सिंदूर से के जरिए हम ईथा की जिंदगी के एक बिल्कुल अलग भावनात्मक पहलू को सामने लाना चाहते थे। उसकी कहानी सिर्फ उसकी ताकत, कला या एक कलाकार के रूप में उसके सफर तक सीमित नहीं है। उस कलाकार के पीछे एक ऐसी महिला भी थी, जिसने बेइंतहा प्यार किया और जिंदगी के हर एहसास को पूरी शिद्दत से महसूस किया। हम चाहते थे कि गाने का संगीत उसकी इस नजाकत और भावनात्मक कमजोरी को भी बयां करे, साथ ही फिल्म की पूरी दुनिया से जुड़ा रहे। हमारी कोशिश थी कि यह गाना दिल को छूने वाला, सदाबहार और उसकी भावनाओं से गहराई से जुड़ा हो। उम्मीद है कि ‘सिंदूर से’ के जरिए दर्शक ईथा के इस खूबसूरत पहलू को भी जान पाएंगे।”

‘सिंदूर से’ फिल्म ‘ईथा’ की कहानी में प्यार और जज़्बातों का एक नया रंग जोड़ता है। यह फिल्म संगीत, भावनाओं, शानदार अदाकारी और एक ऐसी महिला के असाधारण सफर को पर्दे पर उतारती है, जिसने आगे चलकर अपनी एक अलग पहचान बनाई और एक किंवदंती बन गई। यह गाना दर्शकों को ईथा को सिर्फ एक महान कलाकार के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसी महिला के रूप में देखने का मौका देता है, जिसके अपने सपने थे, ख्वाहिशें थीं और एक ऐसा दिल था, जिसने बेइंतहा मोहब्बत की।

मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म में श्रद्धा कपूर ईथा के मुख्य किरदार में नजर आएंगी। उनके साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब, दिवंगत नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा इसके निर्माता हैं। ‘ईथा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

गाना यहां देखें:

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें