एंटरटेनमेंट डेस्क: ‘मांड’ गायकी के लिए जानी-जाती गवरी देवी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। गवरी देवी ने 98 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजस्थान के लोकसंगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। गवरी देवी के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जाहिर किया है।
जानकारी के अनुसार, गवरी देवी का निधन उनके पाली स्थित घर में हुआ। वह पिछले कई दशकों से ‘मांड’ गायन में सक्रिय थीं और देशभर में अपने गायन से लोगों का दिल जीता।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि पाली की सुप्रसिद्ध ‘मांड’ गायिका गवरी देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना लोक संगीत जगत एवं राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। अपनी मधुर स्वर साधना और लोकगीतों के माध्यम से उन्होंने राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति को नयी पहचान दी। लोककला के संरक्षण और संवर्धन में उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी सुरमयी विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि ‘मांड’ गायकी को दुनिया में लोकप्रिय बनाने में सुप्रसिद्ध गायिका गवरी देवी ने अहम योगदान दिया। उनके निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। गवरी देवी ने कई दशकों तक ‘मांड’ गायन किया। उनके निधन से राजस्थान के कला एवं संस्कृति क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...