इंटरनेशनल डेस्क: दुबई में ईमानदारी और मजबूत कानून व्यवस्था का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। यहां एक महिला का कीमती सोना दुबई पुलिस की मदद से सुरक्षित वापस मिल गया, जो गलती से कूड़े में चला गया था। इस घटना में भारतीय मूल की महिला कामिनी कानन शामिल हैं। कामिनी करीब 23 साल तक UAE में रहने के बाद भारत लौट चुकी थीं और हाल ही में एक शादी में शामिल होने के लिए दुबई आई थीं।
जानकारी के मुताबिक, जनवरी के अंत में सोने के दामों में बदलाव के चलते कामिनी ने अपने पुराने गोल्ड पाउच से सोना निकालकर उसे एक नए पाउच में रखा था। इस पाउच में चार 22 कैरेट के गोल्ड कॉइन थे, जिनका वजन 8-8 ग्राम था, साथ ही एक 50 ग्राम की 24 कैरेट गोल्ड बार भी रखी गई थी। कुल मिलाकर इस सोने की कीमत करीब 50 हजार दिरहम यानी लगभग 12 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
घर की सफाई के दौरान यह पाउच गलती से कूड़े के साथ फेंक दिया गया, जिसकी जानकारी परिवार को बाद में हुई। इसके बाद मामले की सूचना दुबई पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कचरे से सोने से भरा पाउच ढूंढ निकाला और महिला को सुरक्षित लौटा दिया। यह घटना सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है और लोग दुबई की
ईमानदार व्यवस्था और भरोसेमंद सिस्टम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दुबई में कानून व्यवस्था इतनी मजबूत है कि वहां गलती से खोई हुई कीमती चीजें भी सही मालिक तक वापस पहुंच सकती हैं।

