Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में पटाखों की दुकान में जोरदार धमाका, 8 लोगों की हुई मौत, 2 घायल

February 16, 2026

चीन में पटाखों की दुकान में जोरदार धमाका, 8 लोगों की हुई मौत, 2 घायल

इंटरनेशनल डेस्क: चीन के झांगसु प्रांत में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पटाखों की दुकान में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब चीन में लूनर न्यू ईयर मनाने की तैयारियां चल रही हैं, जिसे स्प्रिंग फेस्टिवल भी कहा जाता है। त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि एक व्यक्ति दुकान के पास पटाखे जला रहा था। बताया जा रहा है कि पटाखे गलत तरीके से जलाने के कारण चिंगारी दुकान तक पहुंच गई, जिससे वहां रखा पटाखों का स्टॉक फट गया और आग लग गई। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और अधिकारियों ने अधिक जानकारी साझा नहीं की है।

घटना के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने सभी प्रांतों और स्थानीय प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि पटाखों के उत्पादन, बिक्री, भंडारण, परिवहन और इस्तेमाल पर कड़ी निगरानी रखी जाए। खास तौर पर दुकानों और गोदामों के आसपास पटाखे जलाने या परीक्षण करने पर पूरी तरह रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय सरकारों से कहा गया है कि वे सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और जहां भी खामियां हों, उन्हें तुरंत दूर करें, ताकि लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मना सकें।

गौरतलब है कि चीन में लूनर न्यू ईयर के मौके पर पटाखे जलाना एक पुरानी परंपरा है। माना जाता है कि पटाखों की आवाज बुरी शक्तियों को दूर करती है और नए साल का स्वागत खुशियों के साथ किया जाता है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में प्रदूषण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई शहरों में पटाखों पर पाबंदी लगा दी गई थी। बाद में कुछ इलाकों में नियमों में आंशिक ढील भी दी गई।

इस साल लूनर न्यू ईयर मंगलवार को मनाया जाएगा। इस पर्व के दौरान करोड़ों लोग अपने परिवारों के साथ जश्न मनाते हैं। लेकिन झांगसु में हुए इस हादसे ने त्योहार की खुशियों पर गहरा असर डाला है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पटाखों का इस्तेमाल करते समय पूरी सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Video: सड़क है या मौत का गड्ढा ? बाल- बाल बचा ड्राइवर, CCTV VIRAL

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें