Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

व्हाइट हाउस के पास फायरिंग: दो नेशनल गार्ड जवानों को लगी गोली, ट्रंप बोले- कीमत तो चुकानी पड़ेगी

November 27, 2025

व्हाइट हाउस के पास फायरिंग: दो नेशनल गार्ड जवानों को लगी गोली, ट्रंप बोले- कीमत तो चुकानी पड़ेगी

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बेहद पास फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, 17वीं स्ट्रीट और एच स्ट्रीट के पास दो नेशनल गार्ड सैनिकों को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। दोनों जवानों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने दावा किया कि दोनों सैनिकों की मौत हो चुकी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल जवान अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि संदिग्ध हमलावर अफगान नागरिक है, जिसे 2021 में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों द्वारा अफगानिस्तान से निकाले गए लोगों के साथ अमेरिका लाया गया था। उसकी पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में की गई है। पुलिस ने संदिग्ध को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया है। इस कार्यक्रम के जरिए अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की मदद करने वाले नागरिकों को अमेरिका में बसाया गया था। घटना के बाद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडन सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और पूर्व राष्ट्रपति को जिम्मेदार ठहराया।

ये भी पढ़ें: हांगकांग के ताईपो में आग का तांडव: 44 की मौत, 300 लोग लापता

मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात

फायरिंग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस, फायर विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुँच गईं। यूएस सीक्रेट सर्विस, ATF एजेंसी और नेशनल गार्ड ने पूरे इलाके को तुरंत घेर लिया। नेशनल मॉल पर एक हेलीकॉप्टर ने भी लैंड किया, ताकि घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया जा सके।

ट्रंप की प्रतिक्रिया

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा जिस व्यक्ति ने दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मारी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, वह हमलावर भी बुरी तरह घायल है। ट्रंप ने कहा कि चाहे जो भी हो, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। ईश्वर हमारे महान नेशनल गार्ड, पूरी सेना और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों का भला करे। ये वास्तव में महान लोग हैं। मैं संयुक्त राज्य अमेरिका का राष्ट्रपति होने के नाते और राष्ट्रपति पद से जुड़े सभी लोग आपके साथ खड़े हैं।

500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड जवान भेजेंगे ट्रंप

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया है। हेगसेथ ने हमले को “सोची-समझी और कायरता भरी हरकत” बताया।

घटना के समय शहर में मौजूद नहीं थे ट्रंप

फायरिंग के समय राष्ट्रपति ट्रंप वेस्ट पाम बीच स्थित अपने गोल्फ कोर्स पर थे। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और व्हाइट हाउस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है।

राजधानी में पहले से मौजूद है भारी फोर्स

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से वॉशिंगटन डीसी में हजारों नेशनल गार्ड सदस्य पहले से ही तैनात हैं। अगस्त में जारी राष्ट्रपति की इमरजेंसी घोषणा के बाद स्थानीय पुलिस संघीय नियंत्रण में है और आठ राज्यों से गार्ड सैनिक बुलाए गए थे। फिलहाल पूरे इलाके की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है और घटना की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: Today’s Weather 27 Nov 2025: दिल्ली-यूपी में मौसम ने दिखाई सर्द तेवर, कई राज्यों में पारा लुढ़का

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें