Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाइजीरिया के गांवों के लोगों पर ISIS से जुड़े समूह का हमला, 200 से ज्यादा को उतारा मौत के घाट

February 5, 2026

नाइजीरिया के गांवों के लोगों पर ISIS से जुड़े समूह का हमला, 200 से ज्यादा को उतारा मौत के घाट

इंटरनेशनल डेस्क: पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य में मंगलवार शाम को एक दिल दहला देने वाली हिंसक घटना घटी। इस हमले में दो गांवों वोरो और नुकु में रहने वाले कम से कम 200 लोगों की जान चली गई। यह घटना हाल के महीनों में नाइजीरिया में हुई सबसे खतरनाक और जानलेवा हिंसा मानी जा रही है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस नरसंहार को अंजाम देने वाला समूह लकुरावा नाम का एक सशस्त्र गिरोह है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ है। हमलावर अचानक गांवों में घुसे और बिना किसी चेतावनी के लोगों पर हमला कर दिया। घरों को निशाना बनाया गया और ग्रामीणों को बेरहमी से मार दिया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

रेड क्रॉस ने बताया कि जिन गांवों में हमला हुआ है, वे बेहद दूरस्थ इलाकों में स्थित हैं। ये गांव क्वारा राज्य की राजधानी से करीब आठ घंटे की दूरी पर हैं। इतना ही नहीं, यह इलाका बेनिन की सीमा के पास पड़ता है, जहां सड़कें खराब हैं और संचार सुविधाएं भी लगभग नहीं के बराबर हैं। कमजोर नेटवर्क और खराब रास्तों की वजह से राहत और बचाव दलों को वहां पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है।

राज्य सरकार ने हमले की कड़ी निंदा

क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे एक कायराना हरकत बताया। गवर्नर का कहना है कि यह हमला सुरक्षा बलों द्वारा उग्रवादी समूहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के जवाब में किया गया है। हाल के दिनों में सेना और सुरक्षाबल लगातार आतंकियों पर दबाव बना रहे हैं।

नाइजीरिया में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति

नाइजीरिया इस समय गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। देश के उत्तर-पूर्वी इलाकों में लंबे समय से विद्रोह और आतंकवाद की समस्या बनी हुई है। वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में अपहरण, फिरौती की मांग और सशस्त्र लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इन हालात में सबसे ज्यादा नुकसान आम नागरिकों को उठाना पड़ रहा है, जो लगातार हिंसा का शिकार बन रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें